पैलेट गन पर FIR की मांग को लेकर राहुल गांधी का धरना, घायल छात्र के साथ थाने पहुंचे
CENTRAL NEWS DESK: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को पैलेट गन से घायल हुए छात्र साहिल लोचब के साथ दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उन्होंने 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन फायरिंग के मामले में FIR दर्ज करने की मांग की। पुलिस की ओर से FIR दर्ज नहीं किए जाने के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
राहुल गांधी का कहना है कि जब तक मामले में FIR दर्ज नहीं होती, वह वहां से नहीं हटेंगे। उनके साथ घायल छात्र साहिल लोचब और उसकी मां भी धरने पर बैठे। कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पार्टी छात्रों और न्याय के लिए खड़ी है।
पहले मंदिर मार्ग थाने पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी और साहिल लोचब पहले मंदिर मार्ग थाने पहुंचे थे, जहां FIR दर्ज कराने की मांग की गई। वहां बात नहीं बनी तो दोनों संसद मार्ग थाने पहुंचे और डीसीपी से मुलाकात की। इसके बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए।
20 जुलाई के प्रदर्शन में घायल हुआ था साहिल
साहिल लोचब का आरोप है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान उसे पैलेट गन के छर्रे लगे। राहुल गांधी पहले भी साहिल को मीडिया के सामने लेकर आए थे और उसके घायल होने का मुद्दा उठाया था। राहुल गांधी के मुताबिक, साहिल की एक आंख की रोशनी पर खतरा है।
दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन के इस्तेमाल से किया इनकार
दिल्ली पुलिस ने छात्रों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार किया है। दूसरी ओर, बाद में सामने आई संसद मार्ग थाने की जनरल डायरी की एक एंट्री में 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान RAF द्वारा दो राउंड पैलेट फायर किए जाने का उल्लेख होने की खबरें सामने आई थीं।
राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं मामला
राहुल गांधी पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर जवाब मांगे थे। उन्होंने पूछा था कि छात्रों पर पैलेट गन चलाने की अनुमति किसने दी। अब राहुल गांधी ने FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर सीधे पुलिस थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया है। मामला अब पुलिस कार्रवाई, घायल छात्रों की शिकायत और पैलेट गन के कथित इस्तेमाल की जांच को लेकर राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
