उन्नाव में ‘सेवा ज्योति’ का जोश, सड़कों पर दिखी कार्यकर्ताओं की भीड़, संकल्प सभा में गूंजा विकसित भारत का संदेश

0
WhatsApp Image 2026-10-07 at 11.26.47 AM

CENTRAL NEWS DESK: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को उन्नाव में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। जिले में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

हनुमान मंदिर से निकली यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

सदर विधायक पंकज गुप्ता के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा शहर के बड़ा चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बाइक काफिले और कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ी यात्रा का अलग-अलग स्थानों पर स्वागत किया गया।

यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। विधायक पंकज गुप्ता के साथ उनके पुत्र प्रखर गुप्ता भी युवाओं के बीच यात्रा में शामिल रहे। गांधी नगर तिराहे पर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया।

‘सेवा का प्रकाश, विकसित भारत का विश्वास’ रही थीम

कार्यक्रम की थीम ‘सेवा का प्रकाश, विकसित भारत का विश्वास’ रखी गई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा एवं जिले की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी, जिला प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक बंबा लाल दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह, विधायक बृजेश रावत समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

सभा में बड़ी स्क्रीन पर सुना गया पीएम मोदी का संबोधन

इसके बाद विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा में प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी के साथ सदर विधायक पंकज गुप्ता और भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनाया गया, जिसमें सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विषयों पर संदेश दिया गया।

अधिकारियों की मौजूदगी में योजनाओं का संदेश

कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और विकसित भारत के लक्ष्य में भागीदारी करने की अपील की। सेवा ज्योति यात्रा और संकल्प सभा को लेकर जिले में पहले से तैयारियां की गई थीं। अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य सेवा, विकास और जनभागीदारी से जुड़े संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *