कानपुर से सीधे जुड़ेगा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, 6 KM की दूरी होगी खत्म, जल्द शुरू होगा सर्वे

0
images (54)

CENTRAL NEWS DESK: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से शहर की सीधी कनेक्टिविटी को लेकर अब कवायद तेज हो गई है। एक्सप्रेसवे शहर की सीमा से करीब छह किलोमीटर दूर होने के कारण कानपुर को इससे सीधे जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब इस दिशा में जमीनी सर्वे की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।

सांसद ने नितिन गडकरी के सामने उठाया मुद्दा

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर एक्सप्रेसवे को सीधे कानपुर शहर से जोड़ने की मांग रखी थी। उनका कहना था कि एक्सप्रेसवे शहर के बेहद करीब होने के बावजूद सीधी कनेक्टिविटी नहीं होने से कानपुर के लोगों को इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है।

मंत्रालय की ओर से अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद एनएचएआई के अधिकारियों को संभावित कनेक्टिविटी मार्गों की जमीनी स्थिति की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।

एनएचएआई करेगा मार्ग का सर्वे

सर्वे के दौरान संभावित रास्तों, जमीन की स्थिति, मौजूदा सड़कों, यातायात दबाव और तकनीकी जरूरतों का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर कानपुर शहर को एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, डीपीआर में प्रस्तावित मार्ग की तकनीकी व्यवहार्यता और जरूरी निर्माण ढांचे का अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी के लिए संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा।

6 किलोमीटर की दूरी खत्म होने से मिलेगा बड़ा फायदा

कानपुर से सीधे जुड़ाव होने पर शहर के लोगों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों को समय की बचत होगी और शहर की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है। बता दें कि करीब 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 4,200 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। केंद्र सरकार के अनुसार, इसके जरिए कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा समय करीब तीन घंटे से घटकर लगभग 40 मिनट तक हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *