आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही गांव के 7 लोगों की मौत, 10 घायल
AI image
CENTRA NEWS DESK: पलनाडू जिले में गुरुवार सुबह चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही एक निजी ट्रैवल बस की ऑटो-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में सभी एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी लोग, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक चिलकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोंडामंजुलुरु गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे ऑटो-रिक्शा से अपने गांव वेलुरु लौट रहे थे।इसी दौरान चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर उनकी ऑटो की विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही प्राइवेट ट्रैवल बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 10 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
परिवहन मंत्री ने जताया दुख, कहा- सुरक्षा नियमों का करें पालन
आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सड़क हादसों में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को हादसे वाली जगह पर यातायात व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सफर के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
