नवाबगंज में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा नगर

0
WhatsApp Image 2025-08-12 at 4.08.14 PM

Unnao News Desk: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चल रहे राष्ट्रव्यापी “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आज नवाबगंज में एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा श्यामलाल इंटर कॉलेज नबाबगंज से चर्च स्कूल नबाबगंज तक निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान करते नजर आए।

प्रदेश मंत्री और जिलाध्यक्ष ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा, उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री एवं जनपद उन्नाव प्रभारी अर्चना मिश्रा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उन्नाव अनुराग अवस्थी के साथ जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह द्वारा किया गया। सभी अतिथियों ने तिरंगा लहराकर यात्रा को रवाना किया और स्वयं पैदल यात्रा में शामिल होकर लोगों में देशप्रेम का संदेश फैलाया।

राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिन्द’ के नारे गूंजते रहे। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि—
“प्रधानमंत्री जी ने इस राष्ट्रीय उत्सव को हर घर का उत्सव बना दिया है। आज देश के कोने-कोने में तिरंगा यात्राएं देशभक्ति प्रदर्शित करने का माध्यम बन रही हैं।”

नगर में उमड़ा जनसैलाब

तिरंगा यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष दिलीप लश्करी, कुसुमभी प्रधान मनोज पाण्डेय, धर्मेश जी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी और अन्य गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।

देशभक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ आयोजन

यात्रा के समापन पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के संकल्प को दोहराया। पूरे नगर में तिरंगों की लहर और देशभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *