कोलकाता की पांच मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत
मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित इमारत में कई होटल चल रहे थे
CENTRAL NEWS DESK: कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला बिल्डिंग में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 2 महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा शामिल है। सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले। वहीं, 6 लोग घायल हुए हैं और अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
धुएं से दम घुटने के कारण हुई मौतें
आग लगने के वक्त ज्यादातर लोग होटल के कमरों में सो रहे थे। देखते ही देखते पूरी इमारत में धुआं भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
दमकल की पांच गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। सीढ़ियां लगाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब सुबह 4:30 बजे पूरा हुआ। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत के अंदर तेज गर्मी होने के कारण कूलिंग का काम अभी जारी है।
FSL टीम ने शुरू की जांच
आग लगने के मामले की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम आग लगने की वजह और इमारत में सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की जांच कर रही है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, मंत्री बोले- व्यवस्था देखकर हैरान हूं
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी। मंत्री ने कहा कि इमारत के अंदर की स्थिति बेहद खराब थी और वहां कई होटल चल रहे थे। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग में बुनियादी सुरक्षा और निर्माण नियमों का पालन नहीं किया गया था। होटल संचालन में भी कई तरह की अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।
बिल्डिंग मालिक फरार, केस दर्ज करने की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई जगहों पर दबिश दे रही है। पुलिस आग लगने की वजह के साथ-साथ सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और बिल्डिंग में चल रहे होटल संचालन की भी जांच कर रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
