यूपी के 13 जिलों में बाढ़ का असर, 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित; 4,845 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
CENTRAL NEWS DESK: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार के मुताबिक 13 जिलों के 173 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में करीब 84,362 लोग प्रभावित हैं, जबकि लगभग 13,058 हेक्टेयर क्षेत्र में बाढ़ का असर बताया गया है। सरकार का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है।
इन 13 जिलों में बाढ़ का असर
बाढ़ से प्रभावित जिलों में बदायूं, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गौतम बुद्ध नगर, गोंडा, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, सीतापुर और उन्नाव शामिल हैं। राज्य राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक जिला प्रशासन को प्रभावित लोगों को जरूरत के अनुसार राहत शिविरों या सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
4,845 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 4,845 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा चुका है। प्रशासन को राहत शिविरों में भोजन, चिकित्सा सुविधा और जरूरी सामान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में 1,263 बाढ़ आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं, जिनमें से 41 फिलहाल इस्तेमाल में हैं। इन शिविरों में करीब 1,045 लोग रह रहे हैं।
1,589 बाढ़ चौकियां एक्टिव
बाढ़ की निगरानी के लिए पूरे प्रदेश में 1,589 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। अधिकारियों को नदियों के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। राहत और बचाव के लिए 428 नाव और मोटरबोट तथा 1,101 स्थानीय गोताखोर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ की 16 टीमें भी अलग-अलग इलाकों में लगाई गई हैं।
हजारों लोगों तक पहुंचा खाना
सरकार के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच अब तक 15,238 राहत खाद्यान्न पैकेट और 30,316 लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। जरूरत के हिसाब से राहत सामग्री पहुंचाने का काम जारी है। इसके अलावा विभिन्न जिलों में एसडीआरएफ और पीएसी के जवानों की भी तैनाती की गई है।
मौसम अलर्ट को लेकर भी तैयारी
राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक 1 से 18 अगस्त के बीच 140.52 करोड़ एसएमएस अलर्ट भेजकर लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया के जरिए भी बाढ़ और आपदा से बचाव के उपाय लगातार साझा किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम और बाढ़ संबंधी आधिकारिक अलर्ट पर ध्यान देने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
हेल्पलाइन से मिल रही जानकारी
बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए राहत आयुक्त कार्यालय का कंट्रोल रूम लगातार जिलों के संपर्क में है। 1070 हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सरकार का कहना है कि बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रभावित जिलों में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
