गोरखपुर NEET छात्र हत्याकांड: पुलिस-पारिवारिक बयान में विरोधाभास, मां बोलीं – “गोली से हुई मौत, पुलिस झूठ बोल रही है”

0
theheadlinetoday

Central News Desk: गोरखपुर में 19 वर्षीय नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की हत्या मामले में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस का कहना है कि दीपक की मौत गोली से नहीं, बल्कि सिर पर चोट लगने से हुई है। जबकि परिवार ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दीपक को पशु तस्करों ने गोली मारकर हत्या की है।

पुलिस का दावा: सिर पर चोट से हुई मौत

गोरखपुर के एसएसपी राज कारण नैयर ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में दीपक की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पकड़े गए पशु तस्कर को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की जा सकती, लेकिन आरोपियों की तलाश में पांच टीमें लगातार काम कर रही हैं।

परिवार का आरोप: पुलिस झूठ बोल रही, गोली से हुई हत्या

दीपक की मां सीमा गुप्ता और चाचा विजेंद्र गुप्ता ने साफ कहा कि पुलिस गोली लगने की बात छुपा रही है। मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को मुंह में गोली मारी गई। वहीं चाचा ने बताया कि घटना की रात पशु तस्करों ने उनकी गाड़ी रोकी और धमकाया। वे किसी तरह भाग निकले, लेकिन दीपक को अगवा कर करीब 7 किलोमीटर दूर उसकी लाश मिली।

प्रदर्शन और मांगें

परिवार ने प्रशासन के सामने तीन बड़ी मांगें रखी हैं –

  1. परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी।
  2. एक करोड़ रुपये का मुआवजा।
  3. दोषी पुलिसकर्मियों और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई।

परिजनों ने पिपराइच थाने के पुलिसकर्मियों पर तस्करों से मिलीभगत का आरोप लगाया है।

पुलिसकर्मी निलंबित, ADG मौके पर पहुंचे

विवाद गहराने के बाद चौकी जंगल धूषण के प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, हालात को देखते हुए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश गोरखपुर पहुंचे। एसटीएफ और पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं। जिले के संवेदनशील इलाकों में पीएसी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *