हार्ट अटैक दिखाकर ससुर को रास्ते से हटाने की थी साजिश, 20 दिन पहले बुना गया था हत्या का जाल

0
Screenshot 2026-09-08 174948

CENTRAL NEWS DESK: दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, साजिश की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की बहू शालू मिनोचा ने कथित तौर पर हत्या की योजना करीब 20 दिन पहले ही बना ली थी। पुराने नौकर विशाल गौतम को छह लाख रुपये की सुपारी देने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच के अनुसार, योजना ऐसी हत्या करने की थी जिसे बाद में हादसा या हार्ट अटैक समझा जाए। इसके लिए फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर नौकर को दी गई थी। रविवार को दो लाख रुपये और करीब 15 दिन बाद बाकी रकम देने की बात तय होने का भी दावा पुलिस ने किया है।

पहले नींद में हत्या का था प्लान

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती योजना विनीत मिनोचा की नींद में हत्या करने की थी। कथित तौर पर विशाल को तकिये से मुंह दबाकर दम घोंटने के लिए कहा गया था, ताकि मौत सामान्य लगे और घटनास्थल पर ज्यादा सुराग न बचें।

लेकिन शनिवार रात घटनाक्रम अचानक बदल गया। पुलिस के अनुसार, शालू और उसका पति सुब्रत पार्टी में गए थे। उनके जाने के करीब 10 मिनट बाद विशाल और उसका साथी राजकिशोर फ्लैट में दाखिल हुए और सुब्रत के बेडरूम में छिप गए।

लाइट जली तो सामने आ गए हत्यारे

पुलिस की कहानी के मुताबिक, विनीत घर लौटने के बाद सुब्रत के कमरे में पहुंच गए। उन्होंने जैसे ही कमरे की लाइट जलाई, दोनों आरोपित सामने आ गए। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से राजकिशोर ने विनीत के हाथ पकड़ लिए और विशाल ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण कारोबारी की मौत हो गई।

डुप्लीकेट चाबी और सिक्योरिटी गार्ड तक पहुंची साजिश

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, घटना से करीब 15 दिन पहले शालू, सुब्रत और विशाल साथ में खरीदारी करने गए थे। इसी दौरान फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर विशाल को दी गई। पुलिस के मुताबिक, अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड को भी कहा गया था कि विशाल आए तो उसकी एंट्री रजिस्टर में दर्ज न की जाए। जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हत्या की तैयारी में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

छह लाख की सुपारी, पहले दो लाख देने की बात

जांच में सामने आया है कि विशाल को कथित तौर पर छह लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। योजना के मुताबिक रविवार को दो लाख रुपये देने और बाकी रकम करीब 15 दिन बाद देने की बात कही गई थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विशाल ने शालू का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने बहू को भी मामले में आरोपित बनाया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

सीसी कैमरों ने भी बढ़ाए सवाल

मामले में घर के अंदर लगाए गए सीसी कैमरे भी पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं। शालू ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि विनीत ने अपनी मां की सुरक्षा के लिए घर में कैमरे लगवाए थे। लेकिन जांच में टाइमलाइन सामने आने के बाद पुलिस को इस कहानी पर शक हुआ। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, विनीत की मां मई में रतन आर्बिट आई थीं और एक जुलाई को वापस नवाबगंज चली गई थीं। इसके अगले ही दिन, दो जुलाई को घर में सीसी कैमरे लगाए गए।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कैमरे लगवाने की असली वजह क्या थी और क्या विनीत को बेटे-बहू की गतिविधियों पर पहले से कोई शक था।

29 अगस्त से लगातार संपर्क में थे विशाल और सुब्रत

जांच में मोबाइल कॉल डिटेल ने भी पुलिस के शक को बढ़ाया है। पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त से हत्या वाली रात तक विशाल और सुब्रत के बीच 25 बार बातचीत हुई। वहीं विशाल और शालू के बीच 14 बार संपर्क हुआ। यानी आठ दिनों में विशाल से शालू और सुब्रत की कुल 39 बार बातचीत होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के दौरान भी शालू और विशाल के बीच वाट्सऐप कॉल के जरिए तीन बार बातचीत हुई।

बेटे की भूमिका पर भी पुलिस की नजर

हत्याकांड में अब विनीत के बेटे सुब्रत की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि विशाल से लगातार संपर्क में रहने की वजह क्या थी और क्या उसे हत्या की साजिश की जानकारी थी।

पुलिस के अनुसार, जब सुब्रत को पहली बार सीसी कैमरे की फुटेज दिखाई गई तो उसने विशाल को पहचानने से इनकार किया था। इसके अलावा पिता की हत्या के बाद भी उसके कथित व्यवहार और चुप्पी को पुलिस महत्वपूर्ण मान रही है।

पार्टी से लेकर हत्या तक हर कड़ी खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब उस पार्टी की भी जांच कर रही है, जिसमें घटना की रात शालू और सुब्रत गए थे। इसके अलावा सीसी कैमरा फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड, आरोपितों की लोकेशन और फ्लैट में आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि हत्या की साजिश में सामने आए किरदारों के अलावा कुछ और लोग भी जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल विशाल, उसका साथी राजकिशोर और कारोबारी की बहू शालू जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि सुब्रत से पूछताछ के जरिए पुलिस साजिश की बाकी कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *