BRICS Summit 2026: भारत मंडपम तैयार, PM मोदी ने दिखाई 26 सेकंड की खास झलक
CENTRAL NEWS DESK: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर भारत मंडपम पूरी तरह तैयार हो चुका है। सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों का भारत पहुंचना भी शुरू हो गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत मंडपम की तैयारियों का 26 सेकंड का वीडियो साझा किया।
वीडियो के साथ पीएम मोदी ने लिखा, “BRICS 2026 के लिए सब तैयार है!” वीडियो में सम्मेलन से पहले भारत मंडपम की सजी हुई तस्वीर और तैयारियों की झलक देखने को मिली।
दिल्ली में सुरक्षा का कड़ा पहरा
BRICS Summit को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। VIP और विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक इंतजाम किए हैं। करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों की लगभग 200 कंपनियां सुरक्षा में तैनात रहेंगी। यातायात व्यवस्था को लेकर भी लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
करीब 7 साल बाद भारत आएंगे शी चिनफिंग
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शी चिनफिंग भारत आ रहे हैं।
सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी और शी चिनफिंग के बीच मुलाकात की भी संभावना है। करीब सात साल बाद शी चिनफिंग की भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों और वैश्विक कूटनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भारत मौजूदा BRICS अध्यक्ष के तौर पर इस बार नई दिल्ली में 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। पश्चिम एशिया संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे वैश्विक मुद्दों के बीच यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
