कानपुर में बड़ा सड़क हादसा: RTO से बचने के चक्कर में पिकअप ट्रॉले से टकराई, बाइक सवार समेत कई घायल
Central News Desk: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गुजैनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। RTO टीम की कार्रवाई से बचने के लिए भाग रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर ट्रॉला ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोहे पुल के पास RTO टीम की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन वहां से तेजी से निकलने की कोशिश कर रहा था। दौड़ते हुए वाहन अचानक सामने आ रहे ट्रॉला ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पहले ट्रॉला से टकराई और फिर सड़क किनारे जा रही बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बाइक सवार और चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पिकअप का चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
इलाके में मचा हड़कंप
हादसे के बाद लोहे पुल के पास अफरातफरी मच गई। ट्रैफिक लंबे समय तक बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस का बयान
गुजैनी थाना पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि RTO टीम के पीछे पिकअप किस वजह से भाग रही थी।
news Journalist
