उत्तम हॉस्पिटल में लंबा बिल थमाने पर हंगामा, पुलिस तक पहुंचा मामला

0
theheadlinetoday

Unnao news Desk: शहर के निजी उत्तम हॉस्पिटल में मंगलवार को मरीज के परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का बिल अचानक कई गुना बढ़ाकर थमा दिया। विवाद बढ़ने पर परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

बिल को लेकर बवाल

मामला एक युवक के इलाज से जुड़ा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले 10 हजार रुपये खर्च की जानकारी दी गई थी, लेकिन डिस्चार्ज के समय अचानक 25 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। इस पर आपत्ति जताने पर परिजनों और स्टाफ के बीच बहस शुरू हो गई और देखते-ही-देखते हंगामा खड़ा हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

हंगामे की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गुस्साए परिजनों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने कुछ समय के लिए अस्पताल का गेट बंद कर दिया।

मनमानी वसूली के आरोप

स्थानीय लोगों और समाजसेवियों का आरोप है कि निजी अस्पतालों में मरीजों से मनमाना शुल्क वसूला जाता है। बुखार से लेकर ऑपरेशन तक हर इलाज के लिए बाजार से कई गुना अधिक दाम वसूले जाते हैं।

अस्पताल से जुड़े मेडिकल स्टोर्स पर दवाएं बाहर से कहीं अधिक दाम पर बेची जाती हैं।मरीजों को अक्सर अस्पताल के बाहर से दवा खरीदने की अनुमति नहीं दी जाती।

स्वास्थ्य विभाग पर सवाल

लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि विभाग सही तरीके से जांच करे तो जिले के अधिकांश निजी अस्पतालों की पोल खुल जाएगी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

चिकित्सकों की कमी का फायदा

जिले में डिप्टी धारक चिकित्सकों की भारी कमी है। ऐसे में निजी अस्पताल इसका फायदा उठाकर मरीजों से मनमानी वसूली कर रहे हैं। गरीब और मध्यम वर्गीय मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

उन्नाव के उत्तम हॉस्पिटल में बिल को लेकर हुआ यह विवाद जिले के निजी अस्पतालों की लूटखसोट और निगरानी तंत्र की नाकामी को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *