उन्नाव में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दहेज प्रताड़ना का आरोप, मायके पक्ष ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम की मांग की

0
WhatsApp Image 2026-07-12 at 2.28.01 PM (1)

CENTRAL NEWS DESK: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के शेखपुर इलाके में रविवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अलका अवस्थी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अलका ने अपने ससुराल स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मायके पक्ष इस घटना को लेकर कई गंभीर सवाल उठा रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। मृतका का मायका उन्नाव के सिविल लाइंस क्षेत्र में है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।


2016 में हुई थी शादी, शुरू से दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

मृतका के पिता राम प्रसाद दीक्षित और अन्य परिजनों का आरोप है कि अलका की शादी वर्ष 2016 में विशेष अवस्थी के साथ हुई थी। उनका कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज और पैसों की मांग को लेकर अलका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

परिजनों का दावा है कि कई बार दोनों परिवारों के बीच बैठकर समझौता कराया गया। परिवार के बड़े-बुजुर्गों ने रिश्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद अलका के साथ कथित प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। मायके पक्ष का यह भी कहना है कि अलका के मामा सरकारी नौकरी में होने के बावजूद ससुराल पक्ष समय-समय पर पैसों की मांग करता था।


घटना से पहले मारपीट का भी आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि घटना वाली रात भी अलका के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि जब उन्होंने शव देखा तो शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिवार का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक तनाव के कारण अलका यह कदम उठाने को मजबूर हुई। हालांकि, शरीर पर मिले कथित चोटों के निशानों और उनके कारणों की पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है। इसका स्पष्ट जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।


रात 12:05 बजे आया फोन, मौके पर पहुंचा परिवार

परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजकर 5 मिनट पर उन्हें फोन कर बताया गया कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत शेखपुर स्थित ससुराल पहुंचे। परिवार का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो अलका का शव पहले से ही एंबुलेंस में रखा हुआ था। इसी दौरान परिजनों ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।


जेठ के गले पर नाखून के निशान होने का दावा

मृतका के परिजनों ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अलका के जेठ के गले पर नाखून के निशान दिखाई दे रहे थे। लड़की का पति पुलिस कस्टडी में लिया जा चुका है, परिवार का दावा है कि इससे आशंका पैदा होती है कि घटना से पहले किसी तरह का संघर्ष या मारपीट हुई होगी। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है।

वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने की मांग

मृतका के परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का निष्पक्ष रूप से पता चल सके और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। परिवार का कहना है कि उन्हें सामान्य जांच पर भरोसा नहीं है, इसलिए हर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जानी चाहिए।

पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दहेज प्रताड़ना, मारपीट और अन्य सभी आरोप फिलहाल मृतका के परिजनों के दावे हैं। इनकी पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed