विराट फिनिश, विराट जीत: RCB ने गुजरात से छीना IPL खिताब, फिर बनी चैंपियन
Image Credit: AP
CENTRAL NEWS DESK( Avneesh Mishra): इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक बार फिर बड़े मैच के खिलाड़ी होने का सबूत दिया। उन्होंने नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और शानदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए बिल्कुल सही साबित हुआ। RCB के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और बड़े शॉट खेलने का मौका नहीं दिया।
गुजरात की खराब शुरुआत, सुंदर ने संभाली पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अपने अहम विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि साई सुदर्शन 12 रन ही बना सके। युवा बल्लेबाज निशांत सिंधु ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन 20 रन बनाकर उनकी पारी भी खत्म हो गई।
मध्यक्रम से जोस बटलर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लगातार विकेट गिरने से गुजरात का स्कोर दबाव में आ गया।
एक छोर पर हालांकि वॉशिंगटन सुंदर डटे रहे। उन्होंने समझदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। सुंदर ने अर्शद खान और जेसन होल्डर के साथ छोटी लेकिन उपयोगी साझेदारियां कीं, जिससे गुजरात 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन तक पहुंचने में सफल रहा।

RCB की गेंदबाजी रही मैच का टर्निंग पॉइंट
बेंगलुरु के गेंदबाजों ने फाइनल में अनुशासित प्रदर्शन किया। युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए और गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए। क्रुणाल पंड्या ने भी एक बल्लेबाज को आउट कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
कोहली-वेंकटेश की विस्फोटक शुरुआत
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की। विराट कोहली और इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर ने शुरुआत से ही गुजरात के गेंदबाजों पर हमला बोला।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए केवल 27 गेंदों में 62 रन की तेज साझेदारी की। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन बनाते हुए मैच का रुख RCB की तरफ मोड़ दिया।
हालांकि इसके बाद गुजरात ने कुछ जल्दी विकेट लेकर मुकाबले में वापसी करने की कोशिश की। देवदत्त पडिक्कल सिर्फ 1 रन बना सके, जबकि कप्तान रजत पाटीदार 15 रन बनाकर आउट हुए। क्रुणाल पंड्या भी सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने।
दबाव में विराट ने दिखाई क्लास, टिम डेविड ने निभाया साथ
मध्यक्रम के विकेट गिरने के बाद RCB पर दबाव बढ़ने लगा, लेकिन विराट कोहली ने अनुभव का पूरा इस्तेमाल किया। उन्होंने एक छोर संभाले रखा और खराब गेंदों को बाउंड्री तक पहुंचाते रहे। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड ने भी तेज 24 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे रनगति बनी रही। अंत में जितेश शर्मा ने नाबाद 11 रन बनाकर कोहली का अच्छा साथ निभाया।
जब टीम जीत के करीब पहुंच चुकी थी, तब विराट कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोरदार छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया। कोहली 42 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद लौटे और एक बार फिर फाइनल के सबसे बड़े हीरो साबित हुए।
RCB ने बनाई खास उपलब्धि
इस जीत के साथ RCB IPL इतिहास में लगातार दो बार खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही यह उपलब्धि हासिल कर पाई थीं। 2025 में भी बेंगलुरु ने इसी मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी और अब 2026 में गुजरात को हराकर अपने दबदबे को बरकरार रखा।
वैभव सूर्यवंशी को मिली ऑरेंज कैप
IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का सम्मान वैभव सूर्यवंशी को मिला। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस सूची में गुजरात के शुभमन गिल 732 रन और साई सुदर्शन 722 रन के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अर्शद खान, मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट प्लेयर: प्रसिद्ध कृष्णा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रोमारियो शेफर्ड, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम।
इम्पैक्ट प्लेयर: वेंकटेश अय्यर।
news Journalist
