क्रिकेट के ‘GOAT’ बने तेंदुलकर, कैलिस, मुरलीधरन और पेरी; विराट भी टॉप-5 में, बुमराह-डीविलियर्स को मिला बड़ा सम्मान
मुंबई। 21वीं सदी के सबसे बड़े क्रिकेट सुपरस्टार्स के नाम सामने आ गए हैं। दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों और एक्सपर्ट्स की जूरी ने साल 2000 से 2025 तक के प्रदर्शन के आधार पर क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों का चुनाव किया, जिसमें सचिन तेंदुलकर, जैक्स कैलिस, मुथैया मुरलीधरन और एलिस पेरी ने बाजी मार ली। 25 सदस्यीय जूरी ने सचिन तेंदुलकर को सदी का बेस्ट बल्लेबाज, मुथैया मुरलीधरन को सबसे खतरनाक गेंदबाज और जैक्स कैलिस को अल्टीमेट ऑलराउंडर चुना। वहीं, महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की स्टार एलिस पेरी को 21वीं सदी की सबसे महान क्रिकेटर का सम्मान मिला।
इस वोटिंग पैनल में क्रिकेट जगत के बड़े नाम जैसे वसीम अकरम, रवि शास्त्री, फाफ डु प्लेसिस, मैथ्यू हेडन, इयोन मॉर्गन, डेनियल विटोरी और शेन वॉटसन शामिल थे।

सचिन का जलवा बरकरार, ‘मास्टर ब्लास्टर’ बने सदी के नंबर-1 बल्लेबाज
क्रिकेट रिकॉर्ड्स की बात हो और सचिन तेंदुलकर का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है। सचिन को 21वीं सदी का महानतम बल्लेबाज चुना गया। टेस्ट और वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक और ढेरों रिकॉर्ड… यही वजह रही कि जूरी ने ‘मास्टर ब्लास्टर’ को नंबर-1 माना।
जैक्स कैलिस… बैट और बॉल दोनों के बॉस
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज जैक्स कैलिस को सदी का सबसे बड़ा ऑलराउंडर चुना गया। कैलिस सिर्फ रन मशीन नहीं थे, बल्कि गेंद से भी मैच पलटने का दम रखते थे। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 21 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 13 हजार से ज्यादा रन और 292 विकेट लेकर खुद को ऑलराउंड महान खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे ऊपर ला खड़ा किया। कैलिस ने इस सम्मान पर कहा कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में मिली टेस्ट सीरीज जीतें उनके करियर के सबसे खास पल रहे।

मुरलीधरन… वो स्पिनर जिसे पढ़ना बल्लेबाजों के लिए ‘नाइटमेयर’ था
श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन को 21वीं सदी का बेस्ट गेंदबाज चुना गया। उनकी गेंदें पढ़ना दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं था। मुरलीधरन ने अपने करियर का अंत 800 टेस्ट विकेट के ऐतिहासिक आंकड़े के साथ किया। उनकी स्पिन का जादू ऐसा था कि उन्होंने श्रीलंका को क्रिकेट की बड़ी ताकत बनाने में अहम रोल निभाया।
डीविलियर्स-बुमराह को भी मिला बड़ा अवॉर्ड
‘मिस्टर 360’ के नाम से मशहूर एबी डीविलियर्स को सदी का सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाज चुना गया। अपने दौर में 150 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, लेकिन डीविलियर्स ने इसे स्टाइल बना दिया। वहीं, भारत के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को बेस्ट टी20 गेंदबाज का अवॉर्ड मिला। यॉर्कर, स्लोअर बॉल और डेथ ओवर्स में उनका दबदबा उन्हें बाकी गेंदबाजों से अलग बनाता है।

एलिस पेरी महिला क्रिकेट की ‘अल्टीमेट स्टार’
ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी को महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी स्टार चुना गया। उन्होंने अपने करियर के सबसे खास पलों में 2020 महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल को याद किया। पेरी ने खासकर इंग्लैंड के खिलाफ एशेज मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है। बल्ले और गेंद दोनों से उनका रिकॉर्ड उन्हें महिला क्रिकेट की सबसे खास खिलाड़ियों में शामिल करता है।
विराट का भी दबदबा, टॉप-5 में बनाई जगह
इस खास लिस्ट में विराट कोहली ने भी बड़ा मुकाम हासिल किया। महानतम पुरुष क्रिकेटरों की रैंकिंग में विराट तीसरे नंबर पर रहे। उनके साथ टॉप-5 में सचिन तेंदुलकर, जैक्स कैलिस, मुथैया मुरलीधरन और रिकी पोंटिंग शामिल हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में विराट कोहली, जो रूट, जसप्रीत बुमराह, केन विलियमसन और मिशेल स्टार्क को भी इस प्रतिष्ठित सूची में जगह मिली है।
क्रिकेट के ‘GOATs’ की ये लिस्ट क्यों खास है?
क्योंकि यह चुनाव फैंस नहीं, बल्कि क्रिकेट को करीब से समझने वाले दिग्गज खिलाड़ियों और एक्सपर्ट्स की जूरी ने किया है। यानी अगर क्रिकेट की दुनिया के ‘लेजेंड्स’ किसी को महान कह रहे हैं, तो उसका मतलब बड़ा है।
news Journalist
