IPL 2026: रिकॉर्ड्स की बारिश, बॉलर्स पर भारी पड़ा ‘BATTING ERA’

0
5dfbb9b7-9add-44c3-8c00-aa186fc9ef08

CENTRAL NEWS DESK (AVNEESH MISHRA): आईपीएल 2026 का लीग स्टेज खत्म होते-होते यह साफ हो गया है कि यह सीजन अब तक का सबसे ज्यादा हाई-स्कोरिंग और बैटिंग-डॉमिनेटेड सीजन बन चुका है। 70 मैचों के बाद जो आंकड़े सामने आए हैं, उन्होंने क्रिकेट के पूरे ट्रेंड को बदलकर रख दिया है। इस सीजन अब तक 61 बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बन चुका है, जो आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा आंकड़ा है। अगर शुरुआती दौर से तुलना करें तो 2008 से 2016 तक के 9 सीजनों में कुल मिलाकर सिर्फ 57 बार ही 200 प्लस स्कोर बने थे। यानी जो आंकड़ा पहले पूरे दशक में मुश्किल से आता था, वह अब एक ही सीजन में पार हो गया है।

रनरेट ने बनाया नया इतिहास, बैटिंग हुई और तेज

इस सीजन का ओवरऑल रनरेट 9.85 रन प्रति ओवर रहा है, जो आईपीएल इतिहास का सबसे तेज रनरेट है। पिछले सीजन 2025 में यह 9.62 था। इसका मतलब यह है कि अब टीमें हर ओवर में लगभग 10 रन की स्पीड से रन बना रही हैं और डिफेंसिव क्रिकेट लगभग खत्म होता दिख रहा है। इस सीजन 16 बार 200 प्लस रन का सफल चेज हुआ है, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। पहले जहां 200 रन को मैच जिताने वाला स्कोर माना जाता था, अब वही स्कोर आसानी से चेज हो रहा है और मुकाबले लगातार हाई स्कोरिंग बनते जा रहे हैं।

पहली पारी का औसत स्कोर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

इस सीजन पहली पारी का औसत स्कोर 192 रन रहा है, जो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा है। पिछले साल 2025 में यह 191 और 2024 में 190 था। यानी हर सीजन के साथ स्कोर लगातार ऊपर जा रहा है और गेंदबाजों के लिए हालात मुश्किल होते जा रहे हैं।

विनिंग टोटल 217 तक पहुंचा

इस सीजन जीतने वाली टीमों का औसत स्कोर 217 रन तक पहुंच गया है, जो पहली बार आईपीएल में इतना ज्यादा हुआ है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब जीत के लिए टीमों को लगातार 200 से ऊपर स्कोर करना पड़ रहा है. इस सीजन अब तक 1349 सिक्स लग चुके हैं, जो आईपीएल इतिहास में पहली बार 1300 के पार गया है। आंकड़ों के मुताबिक हर 12 गेंद में एक सिक्स लग रहा है, जो बताता है कि बैट्समैन अब पूरी तरह अटैक मोड में खेल रहे हैं।

पावरप्ले में रनरेट 10 के पार

पावरप्ले यानी पहले 6 ओवर में इस सीजन रनरेट पहली बार 10 रन प्रति ओवर के पार पहुंच गया है। 2025 में यह 9.60 और 2024 में 9.47 था। अब शुरुआती ओवर ही मैच का पूरा टोन सेट कर रहे हैं।

बॉलर्स पर सबसे ज्यादा दबाव, स्पिन और पेस दोनों पिटे

इस सीजन स्पिन गेंदबाजों की इकॉनमी 9.26 रही है, जो आईपीएल इतिहास में सबसे खराब है। वहीं पेस गेंदबाजों की इकॉनमी 9.94 तक पहुंच गई है, जो अब तक की सबसे ज्यादा है। यानी कोई भी गेंदबाजी यूनिट इस बैटिंग अटैक से बच नहीं पाई है।

फील्डिंग भी दबाव में, 169 कैच ड्रॉप

इस सीजन अब तक 169 कैच छूट चुके हैं, जो हाई स्कोरिंग और तेज खेल का सीधा असर है। टीमों में सबसे ज्यादा खराब फील्डिंग हैदराबाद की रही, जहां 26 कैच ड्रॉप हुए। पंजाब और चेन्नई ने भी 20-20 कैच छोड़े हैं. आईपीएल 2026 साफ संकेत दे रहा है कि यह टी20 क्रिकेट का सबसे आक्रामक दौर है। 200 रन अब सामान्य हो चुके हैं, 10 रन प्रति ओवर नया स्टैंडर्ड बन गया है और गेंदबाज लगातार दबाव में हैं। यह सीजन अब तक का सबसे विस्फोटक आईपीएल बनकर सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *