पीएम मोदी का जन्मदिन: मां के आशीर्वाद से लेकर मेगा योजनाओं तक, जानिए 2014 से अब तक कैसे मनाए गए खास मौके

0
pm_modi_birthday

Central News desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। बीजेपी ने इसे सेवा पखवाड़ा के रूप में देशभर में भव्य कार्यक्रमों से जोड़ दिया है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। रक्तदान शिविर, नमो दौड़, पौधरोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं से यह उत्सव समाजसेवा के साथ जुड़ा रहेगा। हर साल की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री अपने जन्मदिन पर कई नई योजनाओं का शुभारंभ कर देशवासियों को उपहार देंगे।

मां हीराबेन से आशीर्वाद लेकर शुरू हुई परंपरा

2014 में सत्ता संभालने के कुछ ही महीनों बाद नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर मां हीराबेन का आशीर्वाद लेने अहमदाबाद पहुंचे। मां ने उन्हें 5001 रुपये भेंट किए, जिसे पीएम ने जम्मू-कश्मीर बाढ़ राहत कोष में दान कर दिया। उसी दिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत यात्रा पर थे और गुजरात में विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी हुआ।

सेवा और समर्पण से जुड़े पल

2015 में प्रधानमंत्री ने 1965 के भारत-पाक युद्ध की स्वर्ण जयंती प्रदर्शनी देखी और बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल से मुलाकात की। 2016 में नवसारी में दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए।
2017 में उनका जन्मदिन सरदार सरोवर बांध को राष्ट्र को समर्पित करने के नाम रहा। वहीं, 2018 में पीएम वाराणसी के स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे और उन्हें स्टेशनरी व सोलर लैम्प भेंट किए।

बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जुड़ा उत्सव

2019 में पीएम ने नर्मदा नदी की पूजा की और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास परियोजनाओं का जायजा लिया। 2020 और 2021 में कोविड महामारी की वजह से सार्वजनिक आयोजन नहीं हुए, लेकिन टीकाकरण अभियान को गति देने के साथ 2.5 करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाकर रिकॉर्ड बनाया गया।

पर्यावरण और योजनाओं से जुड़ा जश्न

2022 में पीएम ने मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए 8 चीते छोड़े और महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में शामिल हुए। 2023 में उन्होंने दिल्ली द्वारका में यशोभूमि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया और पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की।
2024 में भुवनेश्वर में ‘सुभद्रा योजना’ की शुरुआत की गई, जो करोड़ों महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए बनाई गई थी।

2025 का जश्न

इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी जनसेवा और विकास योजनाओं से जुड़ा हुआ है। बीजेपी ने इसे जनभागीदारी का पर्व बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *