लखनऊ अग्निकांड ने दहला दिया देश: 15 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

0

CENTRAL NEWS DESK: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। एक बहुमंजिला इमारत में लगी भयावह आग में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया और बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया गहरा शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस त्रासदी में जान गंवाने वालों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लखनऊ में हुई इस दर्दनाक घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे को देखकर भावुक हुए डिप्टी सीएम

घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक हादसे की भयावहता देखकर भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं कई शवों को देखा है और यह दृश्य बेहद पीड़ादायक था। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और छत की ओर रुख किया। कुछ लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई अंदर फंस गए।

अग्निशमन विभाग की टीमों ने इमारत की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। राहत कार्य के दौरान 20 से अधिक छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की आठ से अधिक गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।\

CM योगी ने रद्द किए 23 जून के सभी कार्यक्रम

त्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर सरकार पूरी तरह से गंभीर है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लेते हुए 23 जून (मंगलवार) को प्रस्तावित अपने सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. सीएम योगी अपना पूरा ध्यान अब इस हादसे के पीड़ितों को राहत पहुंचाने और मामले की जांच पर केंद्रित कर रहे हैं.

हाथरस और आगरा का दौरा टला

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंगलवार को हाथरस का दौरा करना था. वहां उन्हें 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करना था. हाथरस के बाद उनका आगरा जाने का भी कार्यक्रम था, जहां उन्हें जिले के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की एक अहम समीक्षा बैठक लेनी थी. लेकिन, लखनऊ हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल ये दोनों कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं.

सीएम योगी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल से सबूत जुटा रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी आग का कारण हो सकती है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

पूरे प्रदेश में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग मृतकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed