Pune Murder Case: केतन अग्रवाल का नया वीडियो आया सामने, सिया गोयल के दावे पर छिड़ी नई बहस
CENTRAL NEWS DESK: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। यह वीडियो केतन अग्रवाल की मौत से कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में केतन एक कार्यक्रम के दौरान स्टेज से मेहमानों को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में केतन कहते हैं, “हम पिछले चार महीनों से इसकी योजना बना रहे थे,” जिसके बाद वह कार्यक्रम की तैयारियों के लिए वेडिंग प्लानर और पूरी इवेंट टीम का धन्यवाद करते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसकी काफी चर्चा हो रही है।
वीडियो के बाद सिया गोयल के दावे पर उठे सवाल
इस वीडियो के सामने आने के बाद आरोपी सिया गोयल के उस दावे पर चर्चा तेज हो गई है, जिसमें उसने कहा था कि केतन हकलाते थे। हालांकि, वायरल वीडियो में केतन बिना किसी रुकावट के बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल, यह वीडियो किसी दावे की पुष्टि या खंडन नहीं करता और इसकी जांच जारी है।
हत्या की साजिश रचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों ने पहले उसी पहाड़ी पर पूरी घटना की रिहर्सल की थी, जहां बाद में वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस का आरोप है कि 18 जून को पुणे जिले के लोहगढ़ किले की एक चट्टान से चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को धक्का दिया, जबकि उससे पहले सिया गोयल ने कथित तौर पर इशारा किया था।
पहले हादसा माना गया, बाद में हत्या का मामला बना
शुरुआत में इस घटना को दुर्घटनावश हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया गया था। लेकिन जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच की दिशा बदल दी।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
शुक्रवार को पॉलीग्राफ टेस्ट कराने से इनकार करने के बाद अदालत ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि आरोपी की सहमति के बिना पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं कराया जा सकता।
फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच जारी है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
