कानपुर में महिला को खंभे से बांधकर पीटा, चार युवक फरार — CCTV खंगाल रही पुलिस

0
theheadlinetoday

Central News Desk: कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा-7 इलाके में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला चार युवकों के साथ संदिग्ध हालात में घूमती नजर आई। जानकारी के मुताबिक, करीब तीन बजे रात को ये लोग एक खाली पड़े प्लॉट में दाखिल हुए और पास के एक मकान की छत पर चढ़ने की कोशिश करने लगे।

स्थानीय लोगों को शक हुआ तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनते ही चारों युवक मौके से भाग निकले, जबकि महिला को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़ी गई महिला ने अपना नाम सोनी, निवासी मर्दानपुर बताया।

गुस्साई भीड़ ने महिला को खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। पुलिस ने महिला को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने ले गई।

फरार युवकों की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उनकी पहचान की जा सके।

इलाके के लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त और चौकसी बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *