Kanpur: मंधना दशहरा मेला में झूले के टिकट को लेकर बवाल, कमेटी सदस्य पर बेल्ट से हमला, सिर फटा
Central News Desk: बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना दशहरा मेला ग्राउंड में देर रात झूले के टिकट को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान कुछ युवकों ने मेला कमेटी के सदस्य अक्षत त्रिवेदी पर बेल्ट और कड़े से हमला कर दिया। हमले में अक्षत का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से मेले में अफरा-तफरी मच गई।
अक्षत त्रिवेदी ने बताया कि उनकी ड्यूटी मेले में झूले के पास शांति व्यवस्था बनाए रखने की थी। रात करीब नौ बजे नौरंगाबाद बिठूर निवासी राज ठाकुर, कपूरपुर शिवराजपुर निवासी अभिषेक यादव और दो अज्ञात युवक झूला संचालक से एक ही टिकट पर बार-बार झूला झूलने की जिद कर रहे थे। जब अक्षत ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की, तो युवकों ने मिलकर उन पर बेल्ट से हमला कर दिया।
हमलावरों में से एक युवक ने हाथ में पहना कड़ा अक्षत के सिर पर दे मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद मेला कमेटी के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और किसी तरह अक्षत को बचाकर चौकी ले गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल के लिए भेजा गया।
बिठूर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेमनरायण विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
