IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का जलवा: ऑरेंज कैप, MVP और इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड जीता, रचा इतिहास

0
01sooryavanshi-orange-cap

आईपीएल 2026 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से पूरे सीजन सुर्खियां बटोरीं। राजस्थान रॉयल्स के इस बल्लेबाज ने रन, रिकॉर्ड और अवॉर्ड्स तीनों मामलों में अपना दबदबा कायम रखा। सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

एक सीजन में तीन बड़े अवॉर्ड, वैभव ने बनाया नया रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में एक ही सीजन में एमवीपी और इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 16 मुकाबलों में 776 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

उनका 237.30 का स्ट्राइक रेट इस सीजन की सबसे बड़ी चर्चा रहा। आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने विरोधी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

72 छक्कों के साथ टूटा क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 72 छक्के लगाए और एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे। उनकी तूफानी बल्लेबाजी राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ तक पहुंचाने में बेहद अहम रही। हालांकि टीम का सफर क्वालिफायर-2 में खत्म हो गया, जहां न्यू चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को हराकर फाइनल में जगह बनाई।

ऑरेंज कैप की रेस में गिल और सुदर्शन भी चमके

ऑरेंज कैप की सूची में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने पूरे सीजन में 732 रन बनाए। वहीं, उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन ने 722 रन बनाकर तीसरे स्थान पर सीजन समाप्त किया।

पर्पल कैप के लिए फाइनल तक चला रोमांच

गेंदबाजों की पर्पल कैप रेस आखिरी मुकाबले तक रोमांचक बनी रही। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 17 मैचों में 29 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। फाइनल मुकाबले में कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि भुवनेश्वर कुमार बाजी मार सकते हैं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ दो विकेट लेकर बराबरी हासिल कर ली थी और उनकी इकॉनमी भी बेहतर थी। हालांकि दूसरी पारी में रबाडा ने देवदत्त पडिक्कल का विकेट लेकर फिर बढ़त बना ली और दूसरी बार पर्पल कैप जीतने में सफल रहे।

दूसरी बार पर्पल कैप जीतकर खास क्लब में शामिल हुए रबाडा

कगिसो रबाडा अब आईपीएल में दो बार पर्पल कैप जीतने वाले गेंदबाजों की खास सूची में शामिल हो गए हैं। इस सूची में ड्वेन ब्रावो, भुवनेश्वर कुमार और हर्षल पटेल जैसे बड़े नाम पहले से मौजूद हैं। वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने 16 मैचों में 28 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। यह किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा एक सीजन में संयुक्त रूप से दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले हर्षल पटेल ने 2021 में 32 विकेट और मोहम्मद शमी ने 2023 में 28 विकेट लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *