हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर मैनपाल बादली कंबोडिया से भारत प्रत्यर्पित, STF की बड़ी सफलता
Central News Desk: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी उपलब्धि मिली है। मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मैनपाल बादली को कंबोडिया से भारत लाया गया है। मैनपाल पर हत्या, फिरौती, गैंगवार और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। उस पर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित था। कंबोडिया में उसे पकड़ने के लिए हरियाणा STF और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर करीब 10 दिन तक संयुक्त अभियान चलाया और सफलता हासिल की।
मैकेनिक से बना गैंगस्टर
मैनपाल का जन्म हरियाणा के बादली गांव में एक साधारण परिवार में हुआ था। शुरुआती दिनों में वह ट्रैक्टर मैकेनिक के रूप में काम करता था। लेकिन साल 2000 में उसके चाचा की हत्या ने उसकी जिंदगी की दिशा बदल दी। बदले की आग ने उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया। धीरे-धीरे उसने हत्याओं और रंगदारी के जरिये जुर्म की दुनिया में नाम कमाना शुरू किया।
अपराध की लंबी फेहरिस्त
मैनपाल पर कई हत्या के मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, जेल में रहते हुए भी वह सक्रिय रहा और वहां से गैंग को निर्देश देता रहा। उसके इशारों पर दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया गया। 2018 में जब वह परोल पर जेल से बाहर आया, तो विदेश भाग गया और वहीं से अपने गैंग को ऑपरेट करने लगा।
विदेश में बैठकर चलाता था गैंग
कंबोडिया में रहते हुए भी मैनपाल का नेटवर्क भारत में मजबूत बना रहा। उसके गुर्गे लगातार हत्या, फिरौती और गैंगवार जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहे। STF और एजेंसियों के लिए मैनपाल लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। आखिरकार अब वह भारत लाया गया है और कानून के शिकंजे में है।
news Journalist
