IND vs AFG: अभिषेक के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान, भारत ने 127 रन से जीता मैच और 3-0 से किया क्लीन स्वीप

0
WhatsApp Image 2026-09-17 at 10.50.22 PM

CENTRAL NEWS DESK: भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में शानदार अंदाज में क्लीन स्वीप कर लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 127 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए, जवाब में अफगानिस्तान की पूरी टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर सिमट गई।

अभिषेक शर्मा ने मचाई तबाही

भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने महज 34 गेंदों में 108 रन की विस्फोटक पारी खेली। अभिषेक की पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद 8.3 ओवर में शतक जड़ दिया।

यह अभिषेक का टी-20 इंटरनेशनल में तीसरा शतक रहा। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने हेलमेट उतारकर मैदान पर बैठकर ध्यान की मुद्रा में जश्न मनाया।

सैमसन ने भी जड़ा अर्धशतक

अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 35 गेंदों पर 50 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 गेंदों में 142 रन की तेजतर्रार साझेदारी कर भारत को बड़े स्कोर की नींव दी।

इसके बाद भारत के कुछ विकेट जल्दी गिरे, लेकिन श्रेयस अय्यर की 29 रन की पारी की मदद से टीम 221 रन तक पहुंचने में सफल रही।

अफगानिस्तान की पारी 94 रन पर खत्म

222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर पूरी पारी को दबाव में रखा। अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में सिर्फ 94 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

नीतीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने तीन-तीन विकेट चटकाए। अक्षर पटेल ने दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर को एक-एक सफलता मिली।

अक्षर ने एक ओवर में दिए दो झटके

अक्षर पटेल ने अफगानिस्तान की पारी के चौथे ओवर में लगातार दबाव बनाया। उन्होंने पहले रहमानुल्लाह गुरबाज को 15 रन पर बोल्ड किया और फिर सेदिकुल्लाह अटल को 1 रन पर अभिषेक शर्मा के हाथों कैच करा दिया।

इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दरवेश रसूली को बोल्ड कर दिया। यश ठाकुर ने कप्तान इब्राहिम जादरान को आउट किया, जबकि रवि बिश्नोई ने नूर उल रहमान और राशिद खान को पवेलियन भेजकर अफगानिस्तान की पारी समेट दी।

भारत ने 3-0 से जीती सीरीज

तीसरे टी-20 में 127 रन की बड़ी जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। पहले दो मुकाबले भी भारत ने जीते थे। इस मैच में अभिषेक शर्मा की रिकॉर्डतोड़ पारी और भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने टीम को एकतरफा जीत दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *