कानपुर के 5600 करोड़ साइबर ठगी केस में बड़ा खुलासा, इखलाक ने किया सरेंडर; निशानदेही पर आमिर गिरफ्तार

0
Screenshot 2026-09-16 162812

CENTRAL NEWS DESK: 18 राज्यों और विदेशों तक फैले करीब 5600 करोड़ रुपये के साइबर ठगी और फर्जी फर्मों के नेटवर्क की जांच में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार को इस मामले में फरार चल रहे आरोपी इखलाक हुसैन ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी आमिर को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, इखलाक पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इससे पहले साइबर टीम गिरोह के सरगना शाहजेब वारिस और उसके साथी सलमान को गिरफ्तार कर चुकी है।

77 फर्जी फर्मों से चल रहा था करोड़ों का खेल

जांच में सामने आया है कि गिरोह ने कानपुर और उन्नाव में करीब 77 फर्में तैयार की थीं। इन फर्मों और उनसे जुड़े बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया जाता था।

पुलिस को अब तक ऐसे नौ बैंक खाते मिले हैं, जिनमें 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन सामने आया है। ये खाते आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत 14 प्रमुख बैंकों में खोले गए थे।

पुलिस अब इन खातों में हुए लेनदेन की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था।

आमिर की गिरफ्तारी से मिले 19 नए खातों के सुराग

इखलाक की निशानदेही पर पकड़े गए आमिर से पूछताछ के बाद पुलिस को 19 नए बैंक खातों की जानकारी मिली है। जांच में पता चला कि इन खातों का इस्तेमाल कई फर्जी फर्मों के नाम पर किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, एक फर्म के खातों में आठ पैन कार्ड और पांच मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया। वहीं एक पैन कार्ड के आधार पर छह क्लस्टर अकाउंट बनाए गए थे। एचडीएफसी, आईडीबीआई और एक्सिस बैंक में भी ऐसे कई खाते मिलने की बात सामने आई है।

इखलाक और आमिर ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

पूछताछ में इखलाक ने पुलिस को बताया कि उसे आमिर ने साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल किया था। वहीं आमिर का कहना है कि गिरोह का कथित सरगना शाहजेब फर्जी फर्में और बैंक खाते खुलवाता था। पुलिस के अनुसार, इखलाक मूल रूप से प्रयागराज का रहने वाला है और होटल लीज पर लेकर उसका संचालन करता था। उसके नाम से भी जीएसटी फर्म होने की जानकारी जांच में सामने आई है।

इखलाक के खातों में करोड़ों का लेनदेन

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, जांच में इखलाक से जुड़े कई बैंक खातों में वर्ष 2024 से अब तक करोड़ों रुपये का लेनदेन मिला है।

पुलिस के अनुसार, एसबीआई खाते में करीब 1.09 करोड़ रुपये, बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में 1.84 करोड़ रुपये, एचडीएफसी खाते में 1.10 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई खाते में करीब 3.50 करोड़ रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है।

डीएलएफ में फ्लैट और थार, बाउंसर के साथ चलता था आमिर

जांच में पुलिस को आमिर की संपत्तियों और लाइफस्टाइल से जुड़ी जानकारी भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, आमिर के पास डीएलएफ इलाके में एक फ्लैट और थार गाड़ी है। वह कथित तौर पर बाउंसरों को साथ लेकर चलता था।

इस मामले में अभी आरिफ, एहतेशाम हुसैन, शाहजेब इलाही और मोहम्मद मुजम्मिल समेत कई आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फर्जी फर्मों, बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की कड़ियों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *