मुंबई में रेलवे ट्रैक पर गिरी MMRDA की क्रेन, 8 लोग घायल; कुर्ला-ट्रॉम्बे रूट पर मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित
CENTRAL NEWS DESK: मुंबई के कुर्ला इलाके में शुक्रवार तड़के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कुरैशी नगर के पास एक क्रेन अनियंत्रित होकर रेलवे के ओवरहेड इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट (OHE) पर जा गिरी। हादसे में कुल 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह हादसा कुर्ला-ट्रॉम्बे रेल रूट पर हुआ, जहां MMRDA की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक क्रेन से एक JCB मशीन को उठाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर रेलवे ट्रैक और उसके ऊपर लगे OHE पर जा गिरी।
रात करीब ढाई बजे हुआ हादसा
घटना शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच कुरैशी नगर इलाके में हुई। निर्माण स्थल पर क्रेन की मदद से JCB मशीन को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक क्रेन अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते भारी-भरकम क्रेन रेलवे लाइन की तरफ पलट गई और ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम से जा टकराई। क्रेन के रेलवे लाइन पर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा के लिहाज से इलाके को खाली कराया गया।
8 लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में कुल 8 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें से 6 लोगों को सायन अस्पताल ले जाया गया, जबकि 2 घायलों को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। घटना के बाद राहत और बचाव दल के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
मालगाड़ियों की आवाजाही हुई प्रभावित
क्रेन के OHE पर गिरने से कुर्ला-ट्रॉम्बे रूट पर रेलवे संचालन प्रभावित हुआ। यह लाइन मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होती है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे का मुख्य असर मालगाड़ियों के संचालन पर पड़ा है। हालांकि, मुख्य यात्री रेल सेवाओं पर इसका बड़ा असर नहीं पड़ा, क्योंकि दुर्घटना जिस लाइन पर हुई, वह नियमित यात्री ट्रेनों के लिए प्रमुख रूट नहीं है।
MMRDA के निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) से जुड़े निर्माण कार्य के दौरान हुई। क्रेन का इस्तेमाल JCB मशीन को उठाकर शिफ्ट करने के लिए किया जा रहा था। इसी प्रक्रिया में क्रेन के असंतुलित होने की वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और भारी मशीनरी के संचालन के लिए निर्धारित नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
OHE सिस्टम को भी नुकसान
क्रेन के गिरने से रेलवे के ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं और प्रभावित हिस्से को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया है। रेलवे के लिए OHE बेहद महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इलेक्ट्रिक ट्रेनों को बिजली की आपूर्ति इसी सिस्टम के जरिए होती है। ऐसे में किसी भारी मशीन के OHE पर गिरने से रेल संचालन और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
हादसे की जांच शुरू
फिलहाल हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्रेन का संतुलन किस वजह से बिगड़ा और क्या निर्माण स्थल पर मशीन को संचालित करते समय सभी जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे। साथ ही रेलवे और निर्माण एजेंसियां OHE को हुए नुकसान और ट्रैक की स्थिति का भी निरीक्षण कर रही हैं।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
