यूपी में जापान का बड़ा निवेश, ₹3,195 करोड़ की परियोजनाओं से 10 हजार से ज्यादा रोजगार
CENTRAL NEWS DESK: उत्तर प्रदेश और जापान के बीच औद्योगिक साझेदारी को बड़ी मजबूती मिली है। नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 2026 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की कुल करीब 3,195 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग हुई। इन प्रोजेक्ट्स से 10 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लगाएगी ₹2,029 करोड़
यीडा के सेक्टर-10 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा करीब 2,029 करोड़ रुपये का निवेश कर नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी। यहां ट्रैक्टर, निर्माण उपकरण और संबंधित उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से करीब 3,800 से ज्यादा रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मिंडा के दो प्रोजेक्ट में ₹1,166 करोड़
मिंडा कॉरपोरेशन यीडा क्षेत्र में दो विनिर्माण परियोजनाएं स्थापित करेगी। कंपनी करीब 1,166 करोड़ रुपये निवेश करेगी और इनसे लगभग 6,440 रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है। इससे ऑटोमोबाइल और इंजीनियरिंग से जुड़े उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सप्लाई चेन और छोटे उद्योगों को भी फायदा
इन परियोजनाओं से सिर्फ सीधे रोजगार ही नहीं, बल्कि यीडा में सप्लायर, लॉजिस्टिक्स, सर्विस और सहायक उद्योगों के लिए भी नए अवसर बनने की उम्मीद है। जापानी कंपनियों के बढ़ते निवेश से उत्तर प्रदेश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई गति मिल सकती है।
जापानी कंपनियों के लिए ‘जापान सिटी’ की तैयारी
निवेश सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार ने यीडा क्षेत्र में करीब 500 एकड़ की प्रस्तावित ‘जापान सिटी’ का भी खाका पेश किया। इसे जापानी कंपनियों के लिए औद्योगिक और कारोबारी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत कर रही है। सरकार का लक्ष्य निवेश को सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय उसे जमीन पर उतारना है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
