गुजरात में जहरीली शराब का कहर, 7 की मौत; 30 अस्पताल में भर्ती
CENTRARL NEWS DESK: गुजरात के भावनगर जिले में कथित जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों ने एक मशहूर शराब ब्रांड की नकली बोतलों में भरी शराब का सेवन किया था।
मामले में पुलिस ने अब तक 12 संदिग्ध बूटलेगरों को हिरासत में लिया है और 21 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जहरीली शराब के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी।
कई गांवों तक पहुंचा मामला
घटना भावनगर के खरकड़ी गांव से सामने आई थी। बाद में पता चला कि आसपास के दूसरे गांवों और भावनगर शहर के कुछ इलाकों में भी लोगों ने इसी तरह की शराब पी थी। अधिकारियों के मुताबिक, कई पीड़ितों में शराब पीने के बाद एक जैसे लक्षण मिले हैं।
मध्य प्रदेश से जुड़ रहा नकली शराब का कनेक्शन
पुलिस की शुरुआती जांच में शक है कि नकली शराब की बोतलें मध्य प्रदेश से सप्लाई की गई थीं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली बोतलें कहां तैयार हुईं और भावनगर तक इन्हें कौन लेकर आया।
गुजरात में शराबबंदी, फिर भी नकली शराब का कारोबार
गुजरात में शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद अवैध शराब का नेटवर्क सामने आया है। पुलिस ने कई नकली बोतलें बरामद की हैं और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस और राज्य मॉनिटरिंग सेल मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं अस्पतालों में भर्ती लोगों का इलाज जारी है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
