सपा विधायक:’चाय पकौड़ी खाने नहीं आए, कांग्रेस सांसद का जवाब: खिला कौन रहा है, बैठक में भिड़े दोनों पार्टी के नेता
CENTRAL NEWS DESK: सहारनपुर में मंगलवार शाम विकास भवन सभागार में हुई दिशा बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बेहड़ा संदल गांव में सड़क और अधूरे नाले से जुड़े मुद्दे पर शुरू हुई बहस के दौरान ‘चाय-पकौड़ी’ वाली टिप्पणी ने माहौल और गरमा दिया। दोनों नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सड़क निर्माण के साथ अधूरे नाले का मुद्दा उठा
दिशा बैठक की अध्यक्षता सांसद इमरान मसूद कर रहे थे। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
इसी दौरान सपा विधायक आशु मलिक ने बेहड़ा संदल गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब चार साल पहले बनी सड़क का मुद्दा उठाया। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान नाला अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे बारिश का पानी कब्रिस्तान और खेतों में जा रहा है। उन्होंने नाले का निर्माण पूरा कराने की मांग की।
अधिकारी के जवाब से असंतुष्ट हुए विधायक
संबंधित अधिकारी ने बताया कि नाले का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नहीं आता। इस जवाब पर विधायक आशु मलिक नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि पिछली दिशा बैठक में भी यही मुद्दा उठाया गया था और उस समय भी उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई थी। इसी बात को लेकर विधायक और सांसद के बीच बहस शुरू हो गई।
‘चाय-पकौड़ी खाने नहीं आए’ पर सांसद का पलटवार
बहस के दौरान सांसद इमरान मसूद ने विधायक से बैठक के नियमों के तहत अपनी बात रखने को कहा। इस पर आशु मलिक ने कहा कि वह जनता की समस्याएं उठाने के लिए बैठक में आए हैं, चाय-पकौड़ी खाने नहीं आए। इस पर इमरान मसूद ने पलटकर पूछा, “चाय-पकौड़ी कौन खिला रहा है?” सांसद ने बैठक को नियमों के अनुसार चलने देने की बात कही और अधिकारी पर गलत जानकारी देने के आरोप पर भी आपत्ति जताई।
एक सप्ताह में मांगी गई बिंदुवार रिपोर्ट
बहस बढ़ने के बाद सांसद इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि विधायक द्वारा उठाए गए मामले की पूरी जानकारी एक सप्ताह के भीतर बिंदुवार उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद बैठक आगे बढ़ी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सांसद और विधायक के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों नेताओं के बीच सड़क और नाले से जुड़े मुद्दे पर तीखी बहस सुनाई दे रही है। घटना के बाद सहारनपुर के राजनीतिक गलियारों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
