स्कॉर्पियो चुराना मुश्किल हुआ तो थार से बांधकर ले गए चोर

0
theheadlinetoday

Delhi News Desk: हरियाणा के गुरुग्राम में कार चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस और लोगों दोनों को हैरान कर दिया है। शिवाजी नगर इलाके में चोर स्कॉर्पियो गाड़ी चुराने पहुंचे, लेकिन जब वह स्टार्ट नहीं हो पाई तो उन्होंने फिल्मी अंदाज़ में थार से बांधकर (टोचन करके) स्कॉर्पियो को खींच लिया।
पूरा मामला इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है।

गाड़ी स्टार्ट न हुई तो बुला ली थार!

घटना शुक्रवार तड़के करीब सवा तीन बजे की बताई जा रही है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक घर के बाहर खड़ी काली रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो को खोलने की कोशिश करता है। वह दरवाजा खोल भी लेता है, लेकिन बार-बार कोशिश करने के बाद भी गाड़ी स्टार्ट नहीं कर पाता।
इसके बाद वह अपने साथियों को फोन करता है। कुछ देर में एक थार गाड़ी रिवर्स गियर में गली में आती है और चोर स्कॉर्पियो को टोचन बेल्ट से थार से जोड़कर खींच ले जाते हैं।

गुरुग्राम में महिंद्रा एजेंसी में कार्यरत हैं कार मालिक

गाड़ी मालिक की पहचान मोहित जटराना के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में महिंद्रा एजेंसी पर सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं।
मोहित जटराना ने बताया कि जब सुबह उठे तो गली में गाड़ी गायब थी। उन्होंने जब अपने घर के बाहर लगे CCTV फुटेज देखे तो हैरान रह गए कि किस तरह चोरों ने थार गाड़ी से उनकी स्कॉर्पियो खींचकर ले गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोहित जटराना की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता

इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब चोरों का तरीका भी हाईटेक और फिल्मी हो गया है। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *