काशीराम कॉलोनी में गांजा बेचने और खाली पड़ी कालोनियों पर कब्जे का आरोप
Central News Desk: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत काशी राम कॉलोनी, सनिगवां में खुलेआम नशे का कारोबार और खाली पड़ी कालोनियों पर कब्जे की शिकायत सामने आई है। स्थानीय निवासी गगन नामक व्यक्ति ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र भेजकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गांजा बेचने और ताले तोड़कर कब्जा करने का आरोप
शिकायतकर्ता गगन ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के ही रहने वाले शाहनवाज (पुत्र अज्ञात सलीम), उसका भाई और किरण नामक महिला क्षेत्र में खुलेआम गांजा बेचने का धंधा करते हैं। यही नहीं, यह लोग खाली पड़ी कालोनियों में ताले तोड़कर अवैध कब्जा भी कर लेते हैं।
पुलिस संरक्षण का आरोप
गगन ने प्रार्थना पत्र में लिखा कि इलाके में कोई भी व्यक्ति इन आरोपियों के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत नहीं करता, क्योंकि कुछ क्षेत्रीय पुलिसकर्मी ही इनको संरक्षण देते हैं। विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमों में फंसाने और जेल भेजने की धमकियां भी दी जाती हैं।
उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा की मांग
पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से अपील की है कि इस पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से कराई जाए। साथ ही उन पुलिसकर्मियों की भी पहचान की जाए जो आरोपियों से साठगांठ कर रहे हैं। गगन ने अपने परिवार की जान, माल और इज्जत की सुरक्षा की मांग भी की है।
चैनल का अस्वीकरण
हमारा चैनल किसी भी घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। यह खबर पीड़ित द्वारा पुलिस कमिश्नर को दिए गए प्रार्थना पत्र और लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रसारित की जा रही है।
news Journalist
