IND vs PAK: ‘BCCI से कभी माफी नहीं मांगी और ना मांगूंगा’ – मोहसिन नकवी का नया पैतरा
Sport News Desk: एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी विवाद पर नया बयान देकर तनाव और बढ़ा दिया है। नकवी ने साफ कहा कि उन्होंने बीसीसीआई (BCCI) से कभी माफी नहीं मांगी और न ही कभी मांगेंगे।
AGM में गरमाया माहौल
दरअसल, एसीसी की वार्षिक आम बैठक (AGM) में भारतीय प्रतिनिधि आशीष शेलार और राजीव शुक्ला ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई कि फाइनल जीतने के बावजूद भारतीय टीम को ट्रॉफी नहीं सौंपी गई। नकवी ट्रॉफी लेकर समारोह से चले गए थे, जिससे विवाद और बढ़ गया।
नकवी का बयान – “अगर चाहें तो ACC दफ्तर से ले जाएं ट्रॉफी”
नकवी ने एक्स (Twitter) पर लिखा,
“मैं उसी दिन ट्रॉफी देने के लिए तैयार था और आज भी हूं। अगर भारतीय टीम चाहे, तो एसीसी के दफ्तर आकर इसे ले सकती है। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है और मैंने बीसीसीआई से कभी माफी नहीं मांगी और न ही कभी मांगूंगा।”
बीसीसीआई का रुख सख्त
बीसीसीआई ने इस मसले पर अपना कड़ा रुख दिखाया है। सूत्रों के मुताबिक, अब यह मुद्दा नवंबर में होने वाली आईसीसी बैठक में उठाया जाएगा। बीसीसीआई अधिकारियों का मानना है कि यह भारतीय टीम का अपमान है।
भारत का दबदबा – पाकिस्तान पर लगातार जीत
इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान तीन बार आमने-सामने हुए और हर बार भारत ने जीत दर्ज की। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया।
रिश्तों में और खटास
पहलगाम आतंकी हमले में 26 भारतीय पर्यटकों की हत्या और उसके बाद भारत की सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों देशों के बीच संबंध और तल्ख हो चुके हैं। इसी वजह से भारतीय खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से भी इनकार कर दिया था।
news Journalist
