मेरठ कृषि विवि में कैंपस ड्रामा: बॉयफ्रेंड-एक्स बॉयफ्रेंड में मारपीट और फायरिंग, सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

0
theheadlinetoday

Central News Desk: मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SVPUAT) में मंगलवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। विवि कैंपस की कैंटीन के बाहर एक छात्रा के वर्तमान प्रेमी और पूर्व प्रेमी में विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग तक हो गई। घटना ने पूरे कैंपस को दहला दिया और विवि की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

कैसे हुआ विवाद?

मंगलवार को एक छात्र अपनी प्रेमिका से कैंटीन के बाहर स्कूटी के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। तभी 5–6 युवक बाइक से वहां पहुंचे और छात्रा से बात कर रहे छात्र से कहासुनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में मामला हाथापाई में बदल गया। हमलावरों ने छात्र को गिराकर लात-घूंसों से पीटा और उसकी स्कूटी भी गिरा दी।

जब छात्र किसी तरह भागने की कोशिश करने लगा तो हमलावरों में से एक नकाबपोश युवक ने तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली छात्र को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी में कैद आरोपी

सूचना मिलते ही सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल, सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार कटारिया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों की हरकतें कैमरे में कैद हो गईं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

विवि प्रशासन की प्रतिक्रिया

कुलपति डॉ. केके सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कमेटी गठित कर दी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्रों को निष्कासित किया जाएगा। कुलसचिव डॉ. रामजी सिंह ने पीड़ित छात्रा से कार्यालय बुलाकर पूछताछ भी की।

80 गार्ड फिर भी नाकाम सुरक्षा

इस घटना ने विवि की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां 80 गार्ड तैनात रहने के बावजूद आरोपी आराम से मारपीट और फायरिंग कर फरार हो गए। अब पुलिस और प्रशासन दोनों पर दबाव है कि वे मामले को सख्ती से निपटाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *