योगी सरकार का बड़ा फैसला – ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान शुरू

0
news

Lucknow News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़क हादसों पर रोक लगाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। योगी सरकार ने इसे “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान नाम दिया है।

1 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान

यह नियम 1 सितंबर से 30 सितंबर तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान के रूप में लागू किया गया है। परिवहन विभाग, पुलिस, राजस्व और जिला प्रशासन मिलकर इसे सख्ती से लागू कर रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर निगरानी के लिए खाद्य एवं रसद विभाग को जिम्मेदारी दी गई है।

हेलमेट जरूरी, कानून का समर्थन

मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 129 के तहत दोपहिया चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। धारा 194डी में इसके उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान भी है। सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति भी राज्यों को हेलमेट नियम सख्ती से लागू करने की सलाह दे चुकी है।

सरकार का मकसद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा – “ईंधन तभी, जब हेलमेट सिर पर हो। हेलमेट पहनना जीवन का सबसे आसान बीमा है।”

विवाद भी छाया

गोरखपुर में इस नियम को लेकर विवाद भी हुआ। एक लड़की ने बिना हेलमेट पेट्रोल न मिलने पर पंप पर हंगामा कर दिया और कर्मचारियों से हाथापाई तक कर बैठी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सड़क सुरक्षा की दिशा में ठोस कदम

परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह का कहना है कि यह पहल पूरी तरह जनहित में है। लोगों में जल्दी ही हेलमेट पहनने की आदत विकसित होगी और इससे सड़क दुर्घटनाओं में मौत व गंभीर चोटों की संख्या घटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *