गर्मी बढ़ते ही बिहार में ‘सांप संकट’: 24 घंटे में 13 लोगों को सांप ने डसा, एक महिला की मौत | डॉक्टरों की चेतावनी – झाड़फूंक नहीं, तुरंत अस्पताल पहुंचें!

Central News Desk: राज्य में गर्मी के साथ-साथ सांपों का आतंक भी बढ़ता जा रहा है। बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पिछले 24 घंटों में 13 लोगों को सांप ने डस लिया। इनमें से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि 12 अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से कई पीड़ित अब भी अस्पताल नहीं पहुंचे हैं, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
क्यों बढ़ गया है सांपों का आतंक?
गर्मी में ज़्यादा तापमान से परेशान होकर सांप ठंडी और नम जगहों की तलाश में इंसानी बस्तियों की ओर बढ़ने लगते हैं। वे पानी के स्रोतों (जैसे कुएं, नहर, टंकी) और घर के अंधेरे कोनों की ओर रुख करते हैं। भोजन की तलाश और मानव गतिविधियों से परेशान होकर वे आक्रामक भी हो जाते हैं।

कहां-कहां से आए मामले?
सबसे गंभीर मामला फुलवरिया थाना क्षेत्र के साहेबगंज डेरवा गांव से आया है, जहां मलावती देवी नाम की महिला को सांप ने डस लिया और इलाज में देरी के कारण उनकी मौत हो गई।
बाकी मामलों में भी ज़्यादातर लोग पहले झाड़फूंक और अंधविश्वास में समय गंवाते रहे, जिससे हालत बिगड़ गई।
डॉक्टर्स की सख्त चेतावनी:
सिविल सर्जन डॉ. बीरेंद्र प्रसाद ने कहा है:
“सांप के डसने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में इलाज कराएं। झाड़फूंक या देसी इलाज में समय गंवाना जानलेवा साबित हो सकता है। जिले के सभी अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन की व्यवस्था है।”
ये हरकतें सांपों को आमंत्रण देती हैं:
विशेषज्ञों के अनुसार घर में मौजूद कुछ चीजें सांपों को आकर्षित करती हैं:-
खुला रखा अनाज, प्याज-लहसुन के छिलके, नमी और कूड़ा-कचरा, झाड़ी और गंदगी वाले क्षेत्र
क्या करें अगर सांप डस ले?
सांप की पहचान संभव हो तो करें, लेकिन पकड़ने की कोशिश न करें।
शांत रहें, घबराएं नहीं। डसे गए व्यक्ति को कम से कम हिलाएं-डुलाएं। डॉक्टर के पास तुरंत पहुंचें।किसी भी झाड़फूंक, चीरा लगाने या चूसने की गलती न करें।

Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.