उन्नाव में दो व्यापारियों के मध्य हुई मारपीट, प्लॉट की नपाई के दौरान पाइप हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, सदर विधायक ने कराया समझौता

0
Screenshot 2026-10-04 233238

CENTRAL NEWS DESK: शहर कोतवाली क्षेत्र के मोती नगर में रविवार दोपहर प्लॉट की नपाई को लेकर दो व्यापारियों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना के बाद दोनों पक्ष शहर कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप लगाए. मामले की जानकारी मिलने पर सदर विधायक पंकज गुप्ता भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे प्रकरण को लेकर बातचीत की.

प्लॉट की नपाई के दौरान पाइप हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मामा कपड़े वाले के मालिक राम चंद्र उर्फ राम तनेजा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने हाल ही में आराध्य मोबाइल के बगल में एक प्लॉट खरीदा था. रविवार को प्लॉट की नपाई होनी थी और यूडीए की ओर से नक्शा दाखिल किया जाना था. इसके लिए वह अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे थे. उनके साथ संबंधित व्यक्ति भी मौजूद था.

राम तनेजा के मुताबिक, आराध्य मोबाइल की ओर से उनके प्लॉट की तरफ एक नल का पाइप निकला हुआ था. उनके बेटे ने पाइप हटाने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया. उनका आरोप है कि बेटे के साथ गाली-गलौज की गई. बेटे ने फोन कर उन्हें इसकी जानकारी दी. इसके बाद वह अपने बेटे के साथ बातचीत करने के लिए मौके पर पहुंचे.

6-7 लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप

राम तनेजा का आरोप है कि बातचीत के दौरान उनकी गर्दन पकड़ ली गई. विरोध करने पर 6-7 लोग अचानक लाठी-डंडे लेकर आ गए और उन पर व उनके बेटे पर हमला कर दिया. उन्होंने छत पर मौजूद महिलाओं पर भी ईंट-पत्थर फेंकने का प्रयास करने का आरोप लगाया.

उन्होंने एक पक्ष के लोगों के पास रॉड और तमंचा होने का भी आरोप लगाया. राम तनेजा के अनुसार, उनकी ओर से तीन लोग घायल हुए हैं. हालांकि, दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जानकारी सामने नहीं आ सकी है.

कोतवाली पहुंचे दोनों पक्ष, विधायक ने सुनी पूरी बात

विवाद के बाद दोनों पक्ष शहर कोतवाली पहुंचे. यहां सदर विधायक पंकज गुप्ता भी पहुंचे और संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ मामले को लेकर वार्ता की. विधायक ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उनकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी.

विधायक की पहल पर आपसी सहमति से हुआ समझौता

इसके बाद विधायक की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई. आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करने पर सहमति जताई और समझौता हो गया. मौके पर व्यापारी बंधु और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे.

विधायक ने दोनों पक्षों से विवाद को आगे नहीं बढ़ाने और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की. समझौते के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में स्थिति शांत बताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed