300 KM का नो-फ्लाई ज़ोन, किले में तब्दील एंकोरेज — ट्रंप-पुतिन की ऐतिहासिक मुलाकात आज
Central News Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 15 अगस्त को होने वाली बहुप्रतीक्षित शिखर बैठक से पहले अलास्का के एंकोरेज शहर को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है और पूरी दुनिया की निगाहें इस बातचीत के संभावित नतीजों पर टिकी हैं।
पहली बार पश्चिमी धरती पर पुतिन
फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यह पहली बार है जब पुतिन किसी पश्चिमी देश की धरती पर कदम रखने वाले हैं। बैठक एल्मेडॉर्फ-रिचर्डसन सैन्य बेस पर होगी — यह अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य बेस है, जिसका इस्तेमाल शीत युद्ध के दौरान सोवियत संघ की निगरानी के लिए किया जाता था।
सुरक्षा अभूतपूर्व स्तर पर
एंकोरेज में 300 किलोमीटर का हवाई क्षेत्र नो-फ्लाई ज़ोन घोषित कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से शनिवार सुबह 6:45 बजे तक सभी अस्थायी उड़ानों पर रोक है। शहर के चप्पे-चप्पे पर अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और रूसी सुरक्षा बल मौजूद हैं।
अलास्का से 88 किमी दूर आनादिर में रूसी फाइटर जेट तैनात है, जबकि साइबर सुरक्षा के तहत सैन्य बेस से इंटरनेट कनेक्टिविटी भी काट दी गई है।
पुतिन से पहले पहुंची उनकी कार
पुतिन की बख्तरबंद लिमोज़िन पहले ही रूसी कार्गो विमान से अलास्का पहुंच चुकी है। उनके साथ आने वाली एफएसओ (Federal Protective Service) उनकी सुरक्षा की हर परत को नियंत्रित करेगी। यहां तक कि पुतिन के लिए इस्तेमाल होने वाला पानी और कप भी रूस की ओर से सील किए जाएंगे।
दोनों पक्षों की ताकतवर टीम मौजूद
अमेरिकी पक्ष से विदेश मंत्री मार्को रुबियो, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट, सीआईए प्रमुख हॉवर्ड लुटनिक, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और शांति वार्ता दूत स्टीव विटकॉफ मौजूद रहेंगे।
रूसी पक्ष से विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, वित्त मंत्री एंटोन सिलुआनोव और आर्थिक सलाहकार किरिल दिमित्रिएव इस बैठक में शामिल होंगे।
शहर में भीड़ और अफरा-तफरी
सीमित होटल और गाड़ियों की वजह से एंकोरेज में अफरा-तफरी का माहौल है। टूरिस्ट सीजन होने के कारण होटल पहले से फुल हैं और पार्किंग की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है। हर चौराहे पर सीक्रेट सर्विस एजेंट तैनात हैं।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
