रोहित शर्मा करेंगे टीवी पर होस्टिंग डेब्यू, ‘द रोहित शर्मा शो’ में दिखेगा नया अंदाज; अक्टूबर में आ सकता है शो
CENTRAL NEWS DESK: भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा जल्द ही क्रिकेट के मैदान के बाहर एक नए अवतार में नजर आने वाले हैं। रोहित शर्मा टीवी पर होस्ट के तौर पर डेब्यू करने जा रहे हैं। उनका नया शो ‘द रोहित शर्मा शो’ सोनी टीवी और SonyLIV पर प्रसारित किया जाएगा। शो का टीजर सामने आ चुका है, जिसमें रोहित कैमरे के सामने एक अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। हालांकि, सोनी की ओर से अभी शो के पूरे फॉर्मेट की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। सोनी के प्रीव्यू पेज पर इसे रियलिटी शो के तौर पर लिस्ट किया गया है।
‘फैमिली फ्यूड’ के भारतीय वर्जन की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘द रोहित शर्मा शो’ अमेरिका के लोकप्रिय गेम शो ‘Family Feud’ के भारतीय रूपांतरण की तर्ज पर हो सकता है। इस फॉर्मेट में दो परिवार एक-दूसरे के खिलाफ गेम में हिस्सा लेते हैं।रिपोर्ट के अनुसार, यह क्विज शो नहीं बल्कि गेम शो होगा। हर एपिसोड में दो परिवार हिस्सा ले सकते हैं और रोहित शर्मा शो को होस्ट करते नजर आएंगे।

सितंबर में शुरू हो सकती है शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो की शूटिंग सितंबर 2026 में शुरू हो सकती है और इसका प्रसारण अक्टूबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि रोहित इस प्रोजेक्ट के लिए करीब छह महीने तक जुड़े रहेंगे। इस दौरान हर सप्ताह एक एपिसोड प्रसारित किया जा सकता है और शो फरवरी 2027 तक चलने की संभावना है।
हालांकि, शो की अंतिम रिलीज डेट और फॉर्मेट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
मई में भी सामने आया था प्रोमो
इससे पहले मई में शो से जुड़ा एक प्रोमो सामने आया था। इसमें रोहित शर्मा अपने फैंस के साथ बातचीत करते दिखाई दिए थे।प्रोमो के दौरान फैंस ने उनसे उनका चर्चित डायलॉग ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ दोहराने की मांग की थी। फैंस की लगातार मांग पर रोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्हें अपनी जिंदगी में ‘गार्डन’ नहीं चाहिए। इस प्रोमो ने संकेत दिया था कि शो में दर्शकों को मैदान के बाहर रोहित शर्मा का मजाकिया और अनौपचारिक अंदाज देखने को मिल सकता है।
विज्ञापनों में पहले से दिखते रहे हैं रोहित
रोहित शर्मा के लिए कैमरे के सामने आना कोई नई बात नहीं है। वह कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में नजर आ चुके हैं। इनमें Adidas, Jio, CEAT, Thums Up, Oral-B, Bournvita, Max Life Insurance और BharatPe जैसे ब्रांड शामिल हैं।इसके अलावा रोहित शर्मा ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में भी दो बार नजर आ चुके हैं, जहां उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया था।
शानदार रहा है रोहित का क्रिकेट करियर
रोहित शर्मा ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वनडे क्रिकेट में उनके नाम तीन दोहरे शतक हैं और 264 रन की उनकी पारी आज भी वनडे में एक बड़ी व्यक्तिगत पारियों में शामिल है। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित ने पांच शतक लगाए थे। उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए 2024 T20 वर्ल्ड कप भी जीता। रोहित ने 29 जून 2024 को T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद 7 मई 2025 को उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा की। फिलहाल वह वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं। अब क्रिकेट के मैदान के बाद रोहित शर्मा टीवी स्क्रीन पर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। अगर रिपोर्ट्स के मुताबिक शो अक्टूबर में शुरू होता है, तो यह रोहित के फैंस के लिए उनके करियर का एक बिल्कुल नया और दिलचस्प अध्याय होगा।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
