पीएम मोदी का नवरात्रि संदेश: छठ महापर्व को यूनेस्को सूची में शामिल कराने का प्रयास, दुर्गा पूजा और स्त्री शक्ति का किया जिक्र
Central News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रसारित इस एपिसोड में उन्होंने दुर्गा पूजा, छठ महापर्व, स्त्री शक्ति, स्वदेशी उत्पादों और शहीदों की स्मृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
भगत सिंह और लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने सबसे पहले शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर नमन किया और उनके साहस और बलिदान की चर्चा की। साथ ही, स्वर कोकिला लता मंगेशकर को भी याद करते हुए कहा कि उनके गीतों ने भारतीय संस्कृति और भावनाओं को जीवंत रखा।
नवरात्रि में स्त्री शक्ति का सम्मान
मोदी ने नवरात्रि पर्व का विशेष जिक्र करते हुए बताया कि यह समय देवी शक्ति और स्त्री शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने भारतीय नौसेना की महिला अधिकारियों—लाइटनेंट कमांडर दिलना और रुपा—का उदाहरण दिया, जिन्होंने 47,500 किलोमीटर की समुद्री यात्रा पूरी कर साहस का परिचय दिया।
दुर्गा पूजा और छठ महापर्व
प्रधानमंत्री ने दुर्गा पूजा को आस्था और ऊर्जा का पर्व बताया। उन्होंने खासतौर पर छठ महापर्व का जिक्र किया और कहा कि सरकार इसे यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने का प्रयास कर रही है।
‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वच्छता संदेश
मोदी ने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से त्योहारी खरीदारी में देशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि त्योहारों पर घर ही नहीं, बल्कि मोहल्ले, बाजार और गांव की सफाई पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
आत्मनिर्भर भारत और त्योहारी शुभकामनाएँ
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को और मजबूत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति, हमारी एकता और देशभक्ति ही हमारी असली शक्ति है। अंत में उन्होंने आने वाली दुर्गा पूजा, छठ और दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।
news Journalist
