भारत ने फिर दिखाई ताकत: 60 किमी दूर लक्ष्य पर ‘पिनाका’ गाइडेड रॉकेट का सटीक प्रहार, डीआरडीओ की बड़ी कामयाबी
CENTRAL NEWS DESK: भारत ने स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट (एलआरजीआर) का सफल परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 8 जुलाई को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) में किए गए इस परीक्षण में रॉकेट ने निर्धारित सभी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया और करीब 60 किलोमीटर दूर तय लक्ष्य पर बेहद सटीक निशाना साधा।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि परीक्षण के दौरान रॉकेट ने पहले से तय किए गए पूरे फ्लाइट प्रोफाइल का पालन किया और उड़ान के दौरान सभी नियोजित इन-फ्लाइट मैन्युवर सफलतापूर्वक पूरे किए। रॉकेट ने अनुमानित ट्रैजेक्टरी का अनुसरण करते हुए लक्ष्य को “टेक्स्टबुक प्रिसीजन” यानी बिल्कुल सटीकता के साथ भेदा।
एक ही लॉन्चर से दागे जा सकेंगे अलग-अलग रेंज के पिनाका रॉकेट
इस परीक्षण की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि सेना में पहले से इस्तेमाल हो रहे पिनाका लॉन्चर से ही अलग-अलग रेंज वाले पिनाका रॉकेट दागने की क्षमता का भी सफल प्रदर्शन किया गया। इससे भारतीय सेना को भविष्य में अलग-अलग दूरी के लक्ष्यों पर हमला करने के लिए अलग लॉन्चर की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह परीक्षण पिनाका प्रणाली की बहुउपयोगी क्षमता और ऑपरेशनल फ्लेक्सिबिलिटी को साबित करता है।
पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार हुआ रॉकेट
पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का विकास डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) के आर्मामेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (एआरडीई) ने हाई एनर्जी मैटेरियल्स रिसर्च लेबोरेटरी (एचईएमआरएल) के साथ मिलकर किया है। इसके विकास में डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लेबोरेटरी (डीआरडीएल) और रिसर्च सेंटर इमारत (आरसीआई) ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परीक्षण का समन्वय इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) और प्रूफ एंड एक्सपेरिमेंटल एस्टैब्लिशमेंट (पीएक्सई) ने किया।
रक्षा मंत्री ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल परीक्षण पर डीआरडीओ, भारतीय सेना और रक्षा उद्योग से जुड़े सभी वैज्ञानिकों एवं इंजीनियरों को बधाई दी। उन्होंने इसे लंबी दूरी के स्वदेशी गाइडेड रॉकेट के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं, रक्षा सचिव एवं डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भी परीक्षण की निगरानी की और इस सफलता में शामिल सभी टीमों की सराहना की।
आत्मनिर्भर भारत को मिलेगी नई मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट की सफलता भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमता को और मजबूत करेगी। लंबी दूरी तक सटीक हमला करने की इसकी क्षमता भारतीय सेना की मारक शक्ति को बढ़ाएगी और भविष्य के युद्धक्षेत्र में भारत को रणनीतिक बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। यह उपलब्धि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी रक्षा निर्माण की दिशा में एक और बड़ा कदम मानी जा रही है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
