ऑपरेशन सिंदूर के बाद विमेंस टीम ने भी जारी रखी सूर्यकुमार यादव वाली परंपरा, पाकिस्तान के हाथ से ट्रॉफी लेने से किया इनकार
CENTRAL NEWS DESK: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव का असर क्रिकेट के मैदान पर भी लगातार देखने को मिल रहा है। महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया, लेकिन ट्रॉफी सेरेमनी के दौरान एक बार फिर ऐसा नजारा दिखा जिसने 2025 के एशिया कप फाइनल की यादें ताजा कर दीं।
मोहसिन नकवी, जो एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष होने के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख भी हैं, फाइनल में पुरस्कार वितरण समारोह के लिए मौजूद थे। हालांकि, भारतीय महिला टीम उनकी मौजूदगी में ट्रॉफी लेने के लिए पोडियम पर नहीं पहुंची।
सूर्यकुमार यादव की टीम के बाद महिला टीम का भी वही रुख
2025 पुरुष एशिया कप फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने भी मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से परहेज किया था। उस समय ट्रॉफी समारोह को लेकर काफी चर्चा हुई थी। अब महिला एशिया कप के फाइनल में भारतीय महिला टीम के ट्रॉफी सेरेमनी में नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने के फैसले ने उसी घटनाक्रम को फिर चर्चा में ला दिया है।
नकवी करते रहे भारतीय टीम का इंतजार
फाइनल के बाद नकवी ने श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू को रनर्स-अप का चेक सौंपा। इसके बाद चैंपियन टीम को ट्रॉफी देने की बारी आई, लेकिन भारतीय खिलाड़ी काफी देर तक पोडियम पर नहीं पहुंचीं। इस दौरान बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी भारतीय टीम के साथ नजर आए। नकवी पोडियम पर मौजूद रहे, लेकिन भारतीय टीम की तरफ से ट्रॉफी लेने कोई खिलाड़ी आगे नहीं आया।
मैदान पर भारत का दबदबा
ट्रॉफी सेरेमनी से पहले भारतीय टीम ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया। शेफाली वर्मा के 69 और स्मृति मंधाना के 59 रनों की बदौलत भारत ने 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय स्पिनरों के सामने टिक नहीं सकी और 111 रन पर ऑलआउट हो गई। दीप्ति शर्मा ने चार विकेट, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट लेकर भारत को 72 रन से शानदार जीत दिलाई।
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। साथ ही 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का हिसाब भी बराबर कर दिया।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
