राइड बुकिंग के नियमों में बदलाव, Ola-Uber-Rapido पर ‘एडवांस टिप’ की सुविधा बंद करने के निर्देश

0
Ola-Uber-advance-tip-1786545358467_v

CENTRAL NEWS DESK: ऑनलाइन कैब बुक करने वाले यात्रियों के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स Ola, Uber और Rapido को राइड शुरू होने से पहले यात्रियों को ‘एडवांस टिप’ देने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि कुछ प्लेटफॉर्म्स पर यात्रियों को राइड बुक करने से पहले ही टिप देने का विकल्प दिया जा रहा था। सरकार ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताई है।

राइड से पहले टिप देने पर रोक

मंत्रालय के अनुसार, एडवांस टिप का विकल्प यात्रियों के बीच यह धारणा पैदा कर सकता है कि पहले से टिप देने पर राइड मिलने की संभावना बढ़ सकती है। खासकर व्यस्त समय या हाई डिमांड के दौरान इससे यात्रियों पर अतिरिक्त भुगतान का दबाव पड़ने की आशंका है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होनी चाहिए और इसे राइड मिलने की प्रक्रिया से नहीं जोड़ा जा सकता।

राइड के बाद दे सकेंगे टिप

नए निर्देशों के मुताबिक, यात्री अगर चालक की सेवा से संतुष्ट हैं तो राइड पूरी होने के बाद अपनी इच्छा से टिप दे सकते हैं। किसी भी यात्री के लिए पहले से टिप देना अनिवार्य नहीं बनाया जा सकता। सरकार का जोर इस बात पर है कि टिप और मूल किराये को अलग रखा जाए, ताकि यात्रियों को राइड बुक करते समय किसी तरह के अतिरिक्त भुगतान का दबाव महसूस न हो।

यात्रियों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह बदलाव?

कैब और ऑनलाइन राइड-बुकिंग सेवाओं का इस्तेमाल देश के बड़े शहरों में लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार चाहती है कि यात्रियों को राइड बुक करते समय किराया और अन्य शुल्क स्पष्ट रूप से दिखाई दें और टिप का विकल्प राइड की उपलब्धता या प्राथमिकता को प्रभावित न करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *