NEET-UG में बड़ा बदलाव: अब JEE की तरह कई दिनों में होगी परीक्षा, CBT मोड पर तैयारी तेज

0

मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया जा सकता है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, अब NEET-UG को इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE की तरह अलग-अलग दिनों में आयोजित करने की तैयारी चल रही है। परीक्षा की नई योजना पर काम जारी है।

हर साल करीब 25 लाख उम्मीदवार NEET-UG में शामिल होते हैं। बढ़ती संख्या और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा प्रणाली में बदलाव पर लंबे समय से विचार किया जा रहा था।

पेपर लीक विवाद के बाद तेज हुए सुधार

NEET-UG में बदलाव की प्रक्रिया 2024 के पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के विवाद के बाद तेज हुई। इसके बाद केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि NEET-UG को पारंपरिक पेन-पेपर मोड के बजाय कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में कराया जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच इस विषय पर कई वर्षों से चर्चा चल रही थी।

NEET-UG के अंकों के आधार पर MBBS के अलावा डेंटिस्ट्री, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध चिकित्सा के स्नातक पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश दिया जाता है।

2026 परीक्षा और री-एग्जाम

इस वर्ष 3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। NTA के अनुसार 7 मई की शाम परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिली, जिसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया गया। 12 मई को परीक्षा रद्द कर री-एग्जाम का फैसला लिया गया और 15 मई को शिक्षा मंत्रालय तथा NTA ने दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित की। मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है।

सुधारों के लिए बनी थी उच्चस्तरीय समिति

परीक्षा प्रणाली में सुधार के उद्देश्य से जून 2024 में शिक्षा मंत्रालय ने पूर्व ISRO अध्यक्ष के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था। समिति को परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए सुझाव देने की जिम्मेदारी दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *