भारत ने कोरिया को हराकर जीता एशिया कप हॉकी, आठ साल बाद बना चैंपियन
Sport News Desk: भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात दी। इस जीत के साथ भारत आठ साल बाद एशियाई चैंपियन बना और अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
भारत की विजयी शुरुआत
फाइनल मुकाबले की शुरुआत भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज़ में की। पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 28वें और 45वें मिनट में लगातार दो गोल कर भारत की स्थिति मजबूत कर दी। चौथा गोल अमित रोहिदास ने 50वें मिनट में किया।

कोरिया का संघर्ष
पांच बार का एशिया कप विजेता कोरिया इस मैच में दबाव में दिखा। भारतीय डिफेंस ने उन्हें कई मौकों पर रोका। कोरिया की ओर से केवल डेन सोन 51वें मिनट में गोल दाग सके।
पूरे टूर्नामेंट में भारत का दबदबा
भारत ने पूल चरण में तीनों मैच जीते। सुपर-4 में मलेशिया को 4-1 और चीन को 7-0 से हराया। हालांकि कोरिया के साथ मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था। फाइनल में भारत ने कोई गलती नहीं की और खिताब अपने नाम किया।
भारत का एशिया कप इतिहास
भारत ने चौथी बार एशिया कप की ट्रॉफी जीती है। इससे पहले टीम 2003, 2007 और 2017 में चैंपियन बनी थी। वहीं कोरिया 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022 में विजेता रहा है।
अब नजरें वर्ल्ड कप पर
14 से 30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम ने टिकट पक्का कर लिया है। भारत ने अब तक केवल एक बार 1975 में वर्ल्ड कप जीता है।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
