गंगा नदी पर प्रस्तावित सेतु से जुड़े मार्ग निर्माण को मिली वित्तीय मंजूरी

Central News Desk: उत्तर प्रदेश शासन ने राज्य योजना (शहरी) के अंतर्गत वर्ष 2025-2026 में जनपद कानपुर नगर से शुक्लागंज/उन्नाव को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल के लिए पहुंच मार्ग निर्माण को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह मार्ग गंगा नदी पर लगभग 50.00 मीटर अपस्ट्रीम में प्रस्तावित नए सेतु से जुड़ा होगा, जिससे कानपुर नगर और उन्नाव के बीच सीधा व सुविधाजनक संपर्क स्थापित हो सकेगा।

इस संबंध में प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग को पत्र संख्या 190/2025/1155/23-6099/96/2025, दिनांक 13 मई 2025 के माध्यम से अवगत कराया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस परियोजना के अंतर्गत सेतु से जुड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण की कुल अनुमानित लागत ₹23525.63 लाख निर्धारित की गई है। शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 में ₹8233.97 लाख की राशि व्यय करने की अनुमति दी है, जिसमें ₹6487.54 लाख अनुबन्ध मद-57 से और ₹1746.43 लाख अनुबन्ध मद-83 से खर्च किया जाएगा।
यह कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा निष्पादित किया जाएगा। शासनादेश में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि कार्य योजना को विधिवत रूप से विभागीय वित्तीय एवं तकनीकी अनुमोदन प्राप्त कर ही क्रियान्वित किया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु सभी तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन किया जाना अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त, शासनादेश में यह भी कहा गया है कि कार्य प्रारंभ करने से पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत वित्तीय स्वीकृति एवं प्राक्कलन आदि की स्वीकृति प्राप्त की जाए। निर्माण कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो, यह जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी संस्था की होगी।
गौरतलब है कि यह परियोजना कानपुर नगर एवं उन्नाव के बीच यातायात को सहज बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलने के साथ ही नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। यह पुल गंगा नदी पर नई कड़ी के रूप में कार्य करेगा और शहरी संपर्क को सुदृढ़ बनाएगा।

Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.