कानपुर में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बसों के बीच दबकर कंडक्टर की मौत, दिसंबर में होनी थी बेटी की शादी
Central News Desk: चकेरी के रामादेवी चौराहे पर बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें विकास नगर डिपो के संविदा कंडक्टर विनय सिंह (55) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब वे कानपुर से वाराणसी जाने वाली बस में सवारियां चढ़ा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस आई और उन्हें दोनों बसों के बीच दबाते हुए निकल गई। हादसे के बाद आरोपी चालक बस समेत फरार हो गया।
सुबह की ड्यूटी बनी आखिरी यात्रा
आजमगढ़ के तरवा पकड़ी कलां निवासी विनय सिंह, विकास नगर के गड़िरयनपुरवा में किराए के मकान में रहते थे। बुधवार सुबह वे चालक विष्णुचंद्र के साथ वाराणसी के लिए रवाना हुए थे। रामादेवी चौराहे पर जैसे ही उन्होंने सवारियां चढ़ानी शुरू कीं, पीछे से आ रही कानपुर-प्रयागराज रूट की बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे दोनों बसों के बीच बुरी तरह फंस गए।

अस्पताल में मिली मौत की खबर
घटना के तुरंत बाद सहकर्मी और राहगीर उन्हें गंभीर हालत में कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
खुशियों का सपना टूटा
जीजा सूर्यभान सिंह ने बताया कि विनय हाल ही में राखी पर गांव गए थे और इसी दौरान उन्होंने बड़ी बेटी अर्चिता की शादी तय की थी। गोदभराई की रस्म पूरी हो चुकी थी और दिसंबर में शादी होनी थी। बुधवार भोर में वे गांव से लौटे, नहाकर नाश्ता किया और हंसते हुए ड्यूटी पर निकले थे, लेकिन महज तीन घंटे बाद परिवार को उनकी मौत की खबर मिली।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
