कानपुर में दो घंटे में तीन घरों में चोरी, चाकू छोड़कर भागा चोर, CCTV में कैद वारदात

0
WhatsApp Image 2026-08-18 at 12.32.19 PM

CENTRAL NEWS DESK :बाबूपुरवा इलाके में एक ही रात चोर ने महज दो घंटे के भीतर तीन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोर ने एक कारपेंटर और पेंटर के घर से मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ किया। इसके बाद वह एक मोमबत्ती कारोबारी के तीन मंजिला मकान में घुसा, लेकिन वहां उसे कुछ खास नहीं मिला।

दो घरों से मोबाइल और नकदी चोरी

जानकारी के मुताबिक, चोर ने पहले कारपेंटर और फिर पेंटर के घर में घुसकर मोबाइल फोन और नकदी चोरी की। दोनों वारदातों के बाद वह इलाके में ही घूमता रहा और तीसरे घर को निशाना बनाया। इसके बाद चोर पीछे की गली के रास्ते मोमबत्ती कारोबारी के तीन मंजिला मकान में दाखिल हुआ। वह सीधे तीसरी मंजिल पर पहुंचा और अलमारी का लॉकर तोड़कर सामान खंगालने लगा। हालांकि, अलमारी में कीमती सामान की जगह सिर्फ कपड़े रखे थे। ऐसे में चोर को यहां से कुछ भी नहीं मिला।

हड़बड़ी में चाकू छोड़कर फरार

वारदात के दौरान किसी आहट या खतरे का अंदाजा होने पर चोर घबरा गया और मौके से भाग निकला। जाते समय वह चाकू वहीं छोड़ गया। घटना के बाद परिवारों में दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

चोरी की घटनाएं घर और आसपास की गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध की पहचान और तलाश में जुटी है। लगातार तीन घरों को निशाना बनाए जाने से इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *