इंडिया-ए ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया, गायकवाड की सेंचुरी और अरशद खान की घातक बॉलि ने दिलाई जीत
शतक लगाने के बाद बधाई देते दोनो भारतीय बैट्समैन
CENTRAL NEWS DESK: ट्राई सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है। दांबुला में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी क्षणों में शानदार वापसी करते हुए मेजबान टीम को 48.5 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट कर दिया।
मुकाबला आखिरी ओवरों तक बेहद रोमांचक बना रहा। श्रीलंका को जीत के लिए अंतिम दो ओवरों में सिर्फ 10 रन चाहिए थे और उसके तीन विकेट शेष थे। ऐसे में मैच पूरी तरह श्रीलंका की ओर झुकता दिखाई दे रहा था, लेकिन 49वें ओवर में अरशद खान ने कमाल कर दिया। उन्होंने दो विकेट झटके और एक रनआउट में भी अहम भूमिका निभाई, जिससे श्रीलंकाई पारी सिमट गई और भारत ने 8 रन से जीत दर्ज कर ली।

गायकवाड ने खेली कप्तानी पारी, तिलक वर्मा का भी दमदार अर्धशतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए की शुरुआत संतुलित रही। टीम के अनुभवी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 101 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उन्होंने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कप्तान तिलक वर्मा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 60 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी ने भारतीय पारी को मजबूती दी। हालांकि आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से चर्चा में आए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस मैच में बड़ा स्कोर नहीं बना सके और केवल 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बावजूद भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 277 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका-ए की ओर से मोहम्मद शिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट हासिल किए और भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की।
सहान अराचिगे ने लड़ी कप्तानी पारी
278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान सहान अराचिगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रन बनाए और टीम को जीत की ओर ले जाने की पूरी कोशिश की। उनका साथ अनुभवी बल्लेबाज सदीरा समरविक्रमा ने दिया, जिन्होंने 46 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने भारतीय टीम की चिंता बढ़ा दी थी और एक समय ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका यह मुकाबला आसानी से जीत लेगा।
लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर मुकाबले में वापसी की। यही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

भारतीय गेंदबाजों ने दिखाया दम
इंडिया-ए की जीत में गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम रही। आयुष बदोनी, अनुकूल रॉय, अरशद खान और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। अरशद खान ने अंतिम ओवरों में दबाव झेलते हुए शानदार गेंदबाजी की और मैच को भारत की झोली में डाल दिया। वहीं अंशुल कंबोज को भी एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखा और आखिरी क्षणों में मैच का रुख बदल दिया।
ट्राई सीरीज में भारत की शानदार शुरुआत
इस जीत के साथ इंडिया-ए ने ट्राई सीरीज में विजयी आगाज किया है। युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत दिखाई है।टीम प्रबंधन को विशेष रूप से ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा और अरशद खान के प्रदर्शन से काफी संतुष्टि मिली होगी। वहीं आगामी मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों से भी बड़े योगदान की उम्मीद रहेगी। अब भारत-ए की नजर टूर्नामेंट के अगले मुकाबले पर होगी, जहां टीम जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।
Avneesh Mishra is a young and energetic journalist. He keeps a keen eye on sports, politics and foreign affairs. Avneesh has done Post Graduate Diploma in TV Journalism.
