IIT कानपुर में AI एजेंट बनाना सीखेंगे स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स: 50 दिन का ऑनलाइन कोर्स लॉन्च, 30 सितंबर तक अर्ली बर्ड रजिस्ट्रेशन

0
iit-bombay-vs-iit-kanpur

CENTRAL NEWS DESK: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और मशीन लर्निंग में करियर बनाने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स के लिए IIT कानपुर ने नया ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स लॉन्च किया है। “Applied Machine Learning and Agentic AI: Fundamentals to Next Generation Artificial Intelligence” नाम के इस कोर्स में पहली बार एजेंटिक AI का नया मॉड्यूल शामिल किया गया है। कोर्स की क्लासेज 1 दिसंबर 2026 से 19 जनवरी 2027 तक चलेंगी।

50 दिन में AI एजेंट बनाना सीखेंगे

IIT कानपुर के मुताबिक, इस बार कोर्स को बढ़ाकर करीब 50 दिन का किया गया है। इसमें प्रतिभागियों को Python की बेसिक जानकारी से लेकर मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, लार्ज लैंग्वेज मॉडल यानी LLM, जनरेटिव AI और ऑटोनॉमस AI एजेंट तैयार करने तक की ट्रेनिंग दी जाएगी।

कोर्स में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स पर भी फोकस रहेगा। प्रतिभागियों को AI सिस्टम तैयार करने, उन्हें डिप्लॉय करने और रियल वर्ल्ड प्रॉब्लम्स पर लागू करने की जानकारी दी जाएगी।

पहली बार शामिल किया गया एजेंटिक AI मॉड्यूल

इस कोर्स की सबसे बड़ी खासियत एजेंटिक AI मॉड्यूल है। इसमें स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स को ऐसे AI सिस्टम तैयार करना सिखाया जाएगा, जो केवल जवाब देने तक सीमित न हों, बल्कि जानकारी जुटाकर, निर्णय लेकर और जरूरी टूल्स का इस्तेमाल करके काम भी कर सकें।

मॉड्यूल में प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, RAG यानी Retrieval-Augmented Generation, LangChain, नॉलेज सिस्टम और AI एजेंट्स जैसे टॉपिक्स शामिल हैं।

सात मॉड्यूल में होगी पढ़ाई

कोर्स में कुल सात प्रमुख मॉड्यूल रखे गए हैं। इनमें मुख्य रूप से ये विषय शामिल हैं:

  • Python फंडामेंटल्स फॉर AI और मशीन लर्निंग
  • मशीन लर्निंग एल्गोरिदम
  • डीप लर्निंग और न्यूरल नेटवर्क
  • ट्रांसफॉर्मर्स, LLM और जनरेटिव AI
  • MLOps, मॉडल डिप्लॉयमेंट और LLM इंफ्रास्ट्रक्चर
  • प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और RAG
  • एजेंटिक AI और ऑटोनॉमस AI एजेंट्स

कोर्स के दौरान 15 से ज्यादा हैंड्स-ऑन प्रोजेक्ट्स कराए जाएंगे। कार्यक्रम में 75 से ज्यादा लर्निंग ऑवर्स और रिकॉर्डेड कंटेंट की सुविधा भी दी जाएगी।

IIT कानपुर के फैकल्टी और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स देंगे ट्रेनिंग

कोर्स की पढ़ाई IIT कानपुर के फैकल्टी मेंबर्स और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के जरिए कराई जाएगी। कार्यक्रम में AI, मशीन लर्निंग और डीप लर्निंग से जुड़े विशेषज्ञों के गेस्ट लेक्चर भी होंगे।

IIT कानपुर के प्रोफेसर राजेश एम. हेगड़े कोर्स के कोऑर्डिनेटर हैं। लाइव क्लासेज, डिस्कशन, गेस्ट लेक्चर और डाउट सॉल्विंग सेशन के जरिए प्रतिभागियों को ट्रेनिंग दी जाएगी।

30 सितंबर तक अर्ली बर्ड रजिस्ट्रेशन

IIT कानपुर के इस कोर्स के लिए 30 सितंबर 2026 तक अर्ली बर्ड रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके बाद फीस बढ़ जाएगी। शुरुआती रजिस्ट्रेशन के दौरान पहले 25 प्रतिभागियों को अतिरिक्त 10 प्रतिशत छूट देने का प्रावधान भी है।

नॉन-IIT कानपुर स्टूडेंट्स के लिए अर्ली बर्ड फीस 19,600 रुपये प्लस 18 प्रतिशत GST से शुरू है। पहले 25 रजिस्ट्रेशन पर अतिरिक्त छूट के बाद फीस और कम हो सकती है। IIT कानपुर के स्टूडेंट्स और फैकल्टी के लिए अलग फीस स्ट्रक्चर रखा गया है।

किन लोगों के लिए उपयोगी है कोर्स

यह कोर्स AI और मशीन लर्निंग में करियर बनाने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स, रिसर्चर्स, फैकल्टी मेंबर्स, सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल्स, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स और AI आधारित प्रोडक्ट बनाने वाले उद्यमियों के लिए उपयोगी हो सकता है। कोर्स पूरा करने वाले प्रतिभागियों को IIT कानपुर की ओर से सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

ऐसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

इच्छुक उम्मीदवार IIT कानपुर के ऑफिस ऑफ आउटरीच एक्टिविटीज की वेबसाइट पर जाकर कोर्स की जानकारी देख सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए पहले फीस कैटेगरी के अनुसार पेमेंट करना होगा। इसके बाद पेमेंट रिसीट के आधार पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरना होगा. कोर्स की अवधि 1 दिसंबर 2026 से 19 जनवरी 2027 तक है। फीस और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी शर्तों में बदलाव होने की स्थिति में IIT कानपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी को अंतिम माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed