सोने की कीमतों में भारी गिरावट: निवेशकों के लिए सुनहरा मौका या खतरे की घंटी…..?

News DESK KANPUR : कुछ दिनों से देशभर में सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। जहां कुछ हफ्ते पहले 24 कैरेट सोना ₹99,000 पार था, वहीं अब यह करीब ₹92,000 प्रति 10 ग्राम तक आ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह गिरावट कई अंतरराष्ट्रीय कारणों से जुड़ी हुई है।
सबसे प्रमुख कारण अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध में नरमी मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच तनाव में कमी आने से निवेशक अब सोने जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों से दूर होते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर की मजबूती और चीन में मांग में आई कमी ने भी वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों पर दबाव डाला है।
भारत में भी इसका सीधा असर देखा जा रहा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे बड़े बाजारों में सोने के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी की कीमतों में भी हल्की नरमी देखी जा रही है।
सोना खरीदते समय इन तीन बातों का रखें खास ध्यान !
- हॉलमार्क का प्रमाण जरूर देखें:
सोना खरीदते समय सबसे जरूरी है उसकी शुद्धता। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा दिया गया हॉलमार्क यह साबित करता है कि सोना शुद्ध है। बिना हॉलमार्क के सोना लेना खतरे से खाली नहीं है। - मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क की जांच करें:
सोने की कीमत में केवल धातु का दाम ही नहीं, बल्कि मेकिंग चार्ज और टैक्स भी जुड़ा होता है। अलग-अलग ज्वेलर्स अलग दरों पर चार्ज करते हैं। खरीदने से पहले यह जानकारी अवश्य लें ताकि आप अधिक पैसे न चुकाएं । - बिल लेना न भूलें:
खरीदारी के बाद पक्का बिल लेना न भूलें। यह आपके अधिकारों की रक्षा करता है और भविष्य में अगर आप गहने को बेचें या बदलें, तो यह काम आता है। बिल में सोने की शुद्धता, वजन, मेकिंग चार्ज आदि स्पष्ट रूप से लिखे होने चाहिए।
